अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के वैज्ञानिकों ने शनि के बर्फीले चंद्रमा एनसेलादूस पर बर्फीली चट्टानों के नीचे एक विशाल समुद्र का पता लगाया है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि गुरुत्वाकर्षण के आकलन से तकरीबन 30 से 40 किलोमीटर मोटी बर्फीली चट्टान के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई पर समुद्र होने के संकेत मिल रहे हैं। नासा के कैसीनी अंतरिक्ष यान और डीप स्पेस नेटवर्क ने यह दिखाया है कि एनसेलादूस पर तरल जल का विशाल भूमिगत समुद्र है। नासा की इस खोज ने शनि के इस चंद्रमा में वैज्ञानिकों की रुचि बढ़ा दी है कि यहां परग्रहीय सूक्ष्म जीवन के आसार मिल सकते हैं। कैसिनी ने जब 2005 में एनसेलादूस के दक्षिणी धु्रव के छिद्रों से जलवाष्प और बर्फ निकलते देखा, तो उसी समय अनुसंधानकर्ताओं ने वहां भूमिगत जलाशय की उपस्थिति का सिद्धांत पेश किया था। नए आंकड़ों ने एनसेलादूस की आंतरिक संरचना की पहली भू-भौतिक पैमाइश पेश की है। यह चंद्रमा के अंदर छिपे समुद्र के अस्तित्व से मेल खाता है।