ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 16 मार्च। जिले में हुई एक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही दो युवकों ने दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
घटना जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बरबसपुर के स्कूल बस्ती की है। यहां रहने वाले अखिलेश्वर उर्फ ननकू निर्मलकर (20 वर्ष), आदित्य निर्मलकर (21 वर्ष) और सूरज कुमार कंवर (20 वर्ष) शनिवार को बाइक (क्रमांक सीजी 12 बीएल 3896) से जटगा की ओर जा रहे थे, तभी लहंगाबहरा के पास कार (क्रमांक सीजी 11 बीएम 9835) से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अखिलेश्वर और आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे में कार चालक भी घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश जोगी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, साथ ही डायल 112 की टीम ने भी घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पता चला है कि कार चालक जटगा स्थित अपने ससुराल में होली मनाने आया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। दुर्घटना बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।


