ताजा खबर

जशपुर में पहाड़ी कोरवा के एक ही परिवार के 4 दिनों में 4 मौतें
18-Oct-2021 9:12 PM
जशपुर में पहाड़ी कोरवा के एक ही परिवार के 4 दिनों में 4 मौतें

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुर,18 अक्टूबर। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा को लेकर ग्राम सरधापाठ पकरी टोली सरना ब्लॉक जिला जशपुर का मामला सामने आया है। यहां पिछले 6 महीने के अंदर 17 पहाड़ी कोरवा की मौत हो गई, वहीं इसी गांव के एक ही परिवार के चार सदस्यों ने 4 दिनों के अंदर दम तोड़ दिया।

गौरतलब है कि इस गांव में पहाड़ी कोरवा विशेष पिछड़ी जनजाति परिवार निवासरत हैं, जो कि सभी क्षेत्रों में बहुत पिछड़े हुए हैं। इनमें जागरूकता की अभाव है। पहाड़ी कोरवा एवं बिरहोर के विकास के लिए जिला जशपुर में पहाड़ी कोरवा एवं बिरहोर विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए अभिकरण स्थापित किया गया है। इन विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास एवं जन-जागरूकता, स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं विभिन्न प्रकार के काम करने एवं रोजगार से जोडऩे के लिए प्रशिक्षण कराने का विशेष रूप से सरकार व्यवस्था करती है, परन्तु यह सभी काम कागजों में सिमटकर रह जाता है। पहाड़ी कोरवा एवं बिरहोर विलुप्त विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों का स्थिति ज्यों का त्यों है, बल्कि पहले से भी स्थिति दयनीय हो गयी है। पहाड़ी कोरवा विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों का पूर्वजों से काबिज जमीन भी सुरक्षित नहीं है। इनकी जमीन लूटी जा रही है। पानी पीने का व्यवस्था नहीं है, इनके घर तक जाने के लिए रोड तक नहीं है, बीमार पडऩे पर इलाज कराने के लिए रूपए नहीं है। जागरूकता एवं रूपयों के अभाव में पहाड़ी कोरवा परिवारों का असमय मृत्यु हो रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इसके लिए जिला प्रशासन जशपुर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला जशपुर द्वारा कोई पहल नहीं किया है। इस लापरवाही से पहाड़ी कोरवा परिवारों का आम बीमारियों से एक घर में चार- चार लोगों का मौत होने लगी है।

ज्यादातर लोगों की घर पर ही हुई मौत
इसमें मरने वाले पहाड़ी कोरवा परिवारों की मृत्यु का कारण कुपोषण, कमजोरी, शरीर में खून की कमी, उल्टी - दस्त, पेचिश, बुखार, निमोनिया, टीबी, लकवा, झटका आना, शरीर में सूजन, पेट दर्द , होने का बात सामने आ रही है। जागरूकता एवं इलाज के अभाव में समय से इलाज नहीं कराने पर मौत इनकी हो गयी। इनमें से अधिकांश लोगों का मृत्यु घर पर ही हुई है।

एक ही परिवार में 4 दिनों के अंदर 4 मौतें
पेट दर्द की शिकायत पर प्रमिला बाई पहाड़ी कोरवा पति उदरा राम पहाड़ी कोरवा उम्र- 22 वर्ष की मौत 8 अक्टूबर को हो गई थी। उल्टी दस्त से 11 अक्टूबर को सुरती बाई पहाड़ी कोरवा पति जेहला राम पहाड़ी कोरवा उम्र- 62 वर्ष, उल्टी दस्त से ही 12 अक्टूबर को जेहला राम पहाड़ी कोरवा पिता टंगना पहाड़ी कोरवा उम्र- 65 वर्ष व लडक़ा पिता अमरसाय उम्र- 01 दिन की मौत कमजोरी एवं जागरूकता के अभाव में हो गई। चारों एक ही परिवार के सदस्यों थे।

इन 13 अन्य पहाडी़ कोरवा की हुई मौत
ग्राम कुटमा कुतमा बगीचा ब्लॉक जिला जशपुर निवासी भोयो राम पहाड़ी कोरवा पिता चुटु राम पहाड़ी कोरवा उम्र- 60 वर्ष की मौत 17 अक्टूबर को उल्टी दस्त की शिकायत होने पर मिशन अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। इसके अलावा सनियो पहाड़ी कोरवा पति स्व मस्का राम पहाड़ी कोरवा उम्र- 65 वर्ष, पुरूषोत्तम पहाड़ी कोरवा पिता स्व जंगल साय पहाड़ी कोरवा उम्र-70 वर्ष, लडक़ी पिता मोहन राम पहाड़ी कोरवा उम्र-16 दिन कमजोर एवं कुपोषित थी। उसकी मौत 27 सितंबर को हो गई। लडक़ा पिता जयराम पहाड़ी कोरवा उम्र- 18 माह कमजोर एवं कुपोषित था। 20 जुलाई को उसकी मौत हो गई। अनमोल पहाड़ी कोरवा पिता अमरसाय पहाड़ी कोरवा उम्र-1 वर्ष को निमोनिया की शिकायत थी उसकी मौत 2 सितंबर को हो गई।

लडक़ी पिता संतोष पहाड़ी कोरवा उम्र 1 दिन कमजोर होने पर 19 अगस्त को मौत हो गई। आनंद राम पहाड़ी कोरवा पिता मोहन राम पहाड़ी कोरवा उम्र- 21 वर्ष की बीमारी से 7 अगस्त को इलाज के अभाव में मौत हो गई। चंदरसाय पहाड़ी कोरवा पिता मड़वारी पहाड़ी कोरवा उम्र-38 वर्ष की मौत 15 मई को बीमारी से हो गई। शिवलाल पहाड़ी कोरवा पिता मड़वारी उम्र 35 वर्ष की मौत टीवी की बीमारी से 19 मई को हो गई थी।लेंगड़ी पहाड़ी कोरवा पति ड़ोंगस पहाड़ी कोरवा उम्र 90 वर्ष की मौत 17 मई को हो गई थी। टहलु राम पहाड़ी कोरवा पिता दशरू पहाड़ी कोरवा उम्र-62 वर्ष की टीबी बीमारी के कारण 2 जून को मौत हो गई थी। संझिया पहाड़ी कोरवा पति लेटेराम पहाड़ी कोरवा उम्र 80 वर्ष की बीमारी के कारण 17 जुलाई को मौत हो गई थी। पिरली पहाड़ी कोरवा पिता महरू राम पहाड़ी कोरवा उम्र 100 वर्ष की बीमारी के कारण 2 सितंबर को मौत हो गई थी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news