छत्तीसगढ़ » राजनांदगांव
राजनांदगांव, 13 जनवरी। नगर पालिक निगम राजनांदगांव के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने रामकृष्ण मिशन नारायणपुर का भ्रमण किया। महापौर हेमा देशमुख, नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक, कार्यपालन अभियंता दीपक जोशी सहित नगर पालिक निगम के अधिकारी-कर्मचारियों सहित 70 लोग इस भ्रमण के दौरान शामिल रहे।
लगभग 12 बजे यह दल रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर पहुंचा। यहां आश्रम के स्वामी हिमाद्री द्वारा परिसर का भ्रमण कराया गया एवं सांस्कृतिक भवन में भोजन कराया गया। इस दौरान आश्रम स्थित गौशाला, भोजन कक्ष, फलोद्यान, जैविक खेती के द्वारा फल एवं सब्जी का फार्म हाऊस दिखाया गया। आश्रम में 1100 अबुझमाडिय़ां जनजाति के बच्चों को पहली से बारहवीं तक की शिक्षा दी जा रही है। आश्रम आर्थिक रूप से सक्षम है।
नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने कहा कि नगर पालिक निगम राजनांदगांव के भ्रमण दल द्वारा रामकृष्ण मिशन नारायणपुर के सेवा भावी कार्यों का अवलोकन किया गया। रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर द्वारा दूरस्थ अंचलों में शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करते विशेष पिछड़ी जनजाति को शिक्षा की मुख्य धारा में जोडऩे के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में विशेष योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रेरक एवं अविस्मरणीय रही।
दल द्वारा भ्रमण के दौरान आवासीय स्कूल, स्वामी विवेकानंद एजुकेशन कॉम्पलेक्स का अवलोकन किया गया, जहां गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा एवं कोचिंग दी जा रही है। सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 30 बिस्तर का हॉस्पिटल भी बनाया गया है। जिसका भ्रमण दल ने अवलोकन किया। विवेकानंद चल चिकित्सालय, ब्लड बैंक, फिजियोथैरेपी एवं पैथोलॉजी युनिट का इसके अंतर्गत निर्माण किया गया है। आदिवासी युवा प्रशिक्षार्थी छात्रावास का भी अवलोकन किया गया।
नारायणपुर के दूरस्थ वनांचल के ग्र्राम बावरी में स्थानीय जनजातियों से स्वास्थ्य पोषण एवं शिक्षा के संबंध में अनुवादक के माध्यम से चर्चा की गई।
छोटे डोंगर स्थित आमदयी घाटी का भी भ्रमण दल ने अवलोकन किया। शाम को सभी आश्रम स्थित मंदिर में प्रार्थना में शामिल हुए। भ्रमण दल द्वारा नगर पालिक निगम नारायणपुर स्थित इंडोर स्टेडियम का अवलोकन किया और सभी ने रामकृष्ण मिशन नारायणपुर पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म देखी। इस अवसर पर स्वामी व्याप्तानंद द्वारा आश्रम संचालन की जानकारी दी गई। महापौर हेमा देशमुख ने सभी के जिज्ञासा का सामाधान किया। इस अवसर पर भ्रमण दल द्वारा रामकृष्ण मिशन को सामग्री एवं राशि उपहार स्वरूप दिया गया।
चिकन एवं मटन मार्केट में सफाई व निगरानी के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जनवरी। कलेक्टर टीके वर्मा ने कहा कि धान खरीदी का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। छोटे किसानों का धान अब तक अधिक खरीदा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे किसान जो धान बेचने की पात्रता रखते हंै, वे किसी तकनीकी कारण से धान विक्रय करने से वंचित न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखें। जिन किसानों को वनाधिकार पत्र जारी किए गए हैं, उनके भी धान की खरीदी की जाएगी। रकबा सुधार के आवेदनों के लिए रकबा सुधार का प्रमाण पत्र जारी करें। उक्त बातें कलेक्टर वर्मा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक के दौरान कही।
कलेक्टर ने धान खरीदी की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने धान उपार्जन केन्द्रों से धान के उठाव की जानकारी ली।
इस दौरान जिला विपणन अधिकार सौरभ भारद्वाज ने बताया कि अब तक 1 लाख 42 हजार किसान धान का विक्रय कर चुके हैं। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना वैक्सीन के लिए 16 जनवरी से तीन केन्द्र जिला चिकित्सालय बसंतपुर, मेडिकल कॉलेज हास्पिटल पेंड्री, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगढ़ निर्धारित किया गया है, जहां उन्होंने समस्त सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आगामी चरणों में चिन्हांकित 63 स्थानों में एक साथ वैक्सीनेशन किया जाना है। जिसके लिए सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। एम्बुलेंस की विशेष व्यवस्था करने की जरूरत है। गोधन न्याय योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है और देश में ऐसी पहली विशेष योजना है। सभी गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण होना चाहिए। अब तक 2 हजार 566 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन हो चुका है। जिसमें 1 हजार 225 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट की बिक्री हुई है और 1 हजार 341 क्विंटल शेष है। गौठान में वर्मी कम्पोस्ट का रखरखाव ठीक तरीके से होना चाहिए। गोबर खरीदी की ऑनलाइन एन्ट्री भी व्यवस्थित तरीके से की जानी चाहिए।
उन्होंने सचिव के हड़ताल के मद्देनजर कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए अन्य वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वनाधिकार पट्टा के प्रकरण तैयार कर प्रस्तुत करें। अवैध प्लाटिंग के प्रकरणों के निराकरण के लिए कानूनी प्रक्रिया का पालन करते नियमानुसार कार्रवाई करें। जिला निर्वाचन समिति की तिथि 18 तारीख निर्धारित की गई है। इसके लिए समस्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बर्ड फ्लू सेरखें सावधानी
कलेक्टर वर्मा ने बर्ड फ्लू के संबंध में उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉ. राजीव देवरस से जानकारी ली। उप संचालक डॉ. देवरस ने बताया कि प्रवासी पक्षी विदेशों से देश एवं प्रदेश में आते हैं। जिससे बर्ड फ्लू होने की आशंका हो सकती है। उन्होंने बताया कि अभी तक प्रदेश में बर्ड फ्लू की रिपोर्ट निगेटिव है।
उन्होंने कहा कि कोई भी पक्षी मृत मिले तो उसे नमक एवं चूना डालकर जमीन में दफना देना चाहिए, तब इस बीमारी के प्रकोप से सुरक्षित रख सकते हंै। कलेक्टर ने सभी सीएमओ को चिकन एवं मटन मार्केट में साफ-सफाई एवं निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि वैक्सीनेसन के लिए सभी मेडिकल स्टॉफ, नगर निगम एवं पुलिस विभाग सूची तैयार रखें, ताकि समय पर यह कार्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की वजह से 60 वर्ष की आयु के ऊपर के लोगों की मृत्यु हो रही है। इसके लिए कोरोना के प्रोटोकाल का पालन करना जरूरी है।
इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी बीपी सिंह, अपर कलेक्टर हरिकृष्ण शर्मा, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान सभी एसडीएम एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए जुड़े रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जनवरी। कोविड-19 में काम कर रहे चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी अपने साथ हो रहे भेदभाव को लेकर मेडिकल कॉलेज अधीक्षक के सामने बुधवार को प्रदर्शन किया।
चतुर्थ श्रेणी के कर्मियों ने सवाल उठाते कहा कि जब डॉक्टरों को 9 दिन का क्वारंटीन का समय दिया जा रहा है ऐसे में उन्हें दो दिन का क्वारंटीन क्यों दिया जा रहा है?
इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने अपनी मांग को दोहराते हुए 3 दिन के भीतर व्यवस्था में सुधार लाने मांग रखी। साथ ही व्यवस्था नहीं सुधरने पर काम बंद करने की चेतावनी दी।
नांदगांव जिले में विधानसभावार धरना प्रदर्शन में राज्य सरकार के खिलाफ ताबड़तोड़ हमले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जनवरी। प्रदेश में किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों समेत राज्य सरकार की महती गोधन न्याय योजना समेत अन्य योजनाओं के खिलाफ भाजपा ने राज्य सरकार पर चौतरफा हमले किए। बुधवार को नांदगांव जिले में विधानसभावार हुए धरना प्रदर्शन में दो साल बाद भाजपा ने एकजुटता दिखाते हुए राज्य सरकार पर तीखे हमले किए। राजनांदगांव विधानसभा के अलावा अलग-अलग विधानसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दमदारी दिखाते हुए सरकार को जमकर लताड़ लगाई। भाजपा का आरोप है कि राज्य सरकार किसानों समेत हर तबके के साथ विश्वासघात कर रही है। दो साल पहले किसानों को बोनस देने का झूठा वादा कर कांग्रेस ने राज्य का बागडोर सम्हाला।
भाजपा नेताओं का कहना है कि किसानों की स्थिति कांग्रेस के बजाय भाजपाराज में बेहतर थी। किसानों को अपनी उपज बेचने में पर्याप्त समय मुहैया कराया जाता था। जबकि कांग्रेस सरकार ने एक माह के देरी से फसल खरीदी कर किसानों को अपनी उपज बेचने का कोई मौका नहंी दिया। लिहाजा किसानों को कम कीमत पर अपनी फसल बाहर बेचना पड़ा। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से जानबूझकर फसल खरीदी में देरी की है।
खैरागढ़ विधानसभा के छुईखदान में आयोजित धरना प्रदर्शन में प्रदीप गांधी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल समेत कई नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। उधर खुज्जी के पूर्व विधायक रजिंदरपाल सिंह भाटिया ने भी किसानों की खस्ता हालत को लेकर राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसान विरोधी है और झूठे वायदों के बल पर सत्ता में आई है। प्रदेश और जिले के किसान कांग्रेस के चाल और चरित्र को बखूबी समझ गए हैं। इस बीच डोंगरगढ़, मोहला-मानपुर, डोंगरगांव विधानसभा में भी भाजपा ने जंगी प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि किसानों के मुद्दों को लेकर इन दिनों भाजपा बेहद आक्रामक रूख में है। किसानों की स्थिति खराब होते देखकर भाजपा ने सीधे सडक़ में उतरकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
किसानों के मुद्दों पर भाजपा को बोलने का हक नहीं- छन्नी
भाजपा के प्रदर्शन पर तीखा सवाल करते जिले की इकलौती कांग्रेस महिला विधायक छन्नी साहू ने कहा कि भाजपा को किसानों के हित में बात करने का कोई हक नहीं है। 15 साल के शासन में किसानों का हमेशा भाजपा ने शोषण किया है। कांग्रेस एकमात्र पार्टी है जिसकी सरकारी योजनाएं इस वर्ग के इर्द-गिर्द घूमती है। खुज्जी विधायक श्रीमती साहू ने कहा कि लॉकडाउन की वजह से बारदाना निर्माण पर्याप्त मात्रा में नहीं हुए। जूट की फैक्टियां लॉकडाउन में बंद रही। इस कारण बारदाने का थोडा संकट है। जल्द ही इस समस्या को दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों का एक-एक दाना सरकार खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। किसान यदि तय मियाद पर फसल नहीं बेच पाए तो सरकार की ओर से पर्याप्त मोहलत दी जाएगी।
राजनांदगांव, 13 जनवरी। युगांतर पब्लिक स्कूल की डॉयरेक्टर शालू गंडेचा के पति एनएल गंडेचा का निधन 10 जनवरी को रायपुर के एक निजी अस्पताल में हुआ। संस्था द्वारा शोकसभा आयोजित की गई। इसमें गंडेचा को श्रद्धांजलि दी गई। इस सभा में विद्यालय के प्राचार्य, प्रबंध समिति के चेयरमैन मिश्रीलाल गोलछा, युगांतर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के अध्यक्ष सुशील कोठारी, निदेशक नरेन्द्र जैन, डॉ. मोहन पारख, पारस अग्रवाल, एकेडमिक हेड शैलजा एम. नायर एवं शिक्षकगण उपस्थित थे। सभा को संबोधित करते सुशील कोठारी ने कहा कि गंडेचा का निधन हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है। वे गत् तीन साल से अस्वस्थ चल रहे थे। इसी कड़ी में नरेन्द्र जैन ने कहा कि गंडेचा मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे।
उन्होंने यह प्रार्थना की कि ईश्वर मृतात्मा को अपने शरण में लें और उनके परिवार को यह विकट दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर मृतात्मा को विनम्र श्रद्धांजलि दी गई।
राजनांदगांव, 13 जनवरी। शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एनएसएस, एनसीसी के युवा मतदाताओं को शपथ दिलाते महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बीएन मेश्राम ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए मतदान जागरूकता का होना आवश्यक है। भारत के युवा मतदाताओं से आशा है कि वे अपने मत का सही उपयोग कर भारत की लोकतांत्रिक शक्ति को सशक्त बनाने में सहायकता प्रदान करेंगे। स्वीप नोडल ऑफिसर डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके मतदाताओं हेतु ऑनलाइन एवं ऑफलाइन के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में जोडऩे की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही ऑनलाइन के माध्यम से निबंध, पोस्टर, नारा लेखन तथा प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में गूगलमीट के माध्यम से 1200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की।
राजनांदगांव, 13 जनवरी। नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि शासन निर्देशों के परिपालन में राजनांदगांव नगर पालिक निगम द्वारा 4 स्थानों मोहारा, बजरंगपुर नवागांव, रेवाडीह एवं लखोली में गौठानों का संचालन किया जा रहा है। पूर्व में स्थानीय पशुपालकों की सुविधा को देखते उक्त 4 गौठानों के अतिरिक्त शहर में स्थित 8 गारबेज क्लीनिक में गोबर खरीदी नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा किया जा रहा था।
आयुक्त श्री कौशिक ने बताया कि पूर्व में जारी कार्यालीन आदेश क्र. 2186/एमसीसी 8 जनवरी 2021 में आंशिक संशोधन करते अपरिहार्य कारणों से उक्त 12 केन्द्रों में से मोतीपुर एसएलआरएम सेंटर एवं राजीव नगर एसएलआरएम सेंटर में आगामी 10 दिवस तक गोबर खरीदी बंद किया जाता है।
उन्होंने कहा कि उक्त केन्द्रों में गोबर बिक्री करने वाले पशुपालक अपने गोबर की बिक्री शासन द्वारा स्वीकृत निगम के उपरोक्त वर्णित 4 गौठानों में कर सकेंगे। उन्होंने असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।
माफी और इस्तीफा की मांग को लेकर बजाई थाली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जनवरी। भारतीय युवा कांग्रेस के निर्देश पर युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी के निर्देशानुसार युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष निर्मलकर के नेतृत्व में भाजपा के सांसद कार्यालय का घेराव किया गया। युकां कार्यकर्ता मंगलवार दोपहर 12 बजे कांग्रेस भवन में एकत्रित होकर नारेबाजी करते निकले। गुरूद्वारा पास बेरिकेट को तोड़ते सांसद कार्यालय का घेराव किया। युकां द्वारा ताली व थाली बजाकर विरोध किया गया।
युकांईयों ने सांसद से किसानों से सार्वजनिक माफी मांगकर इस्तीफा देने की मांग की। इस दौरान प्रदेश सचिव सुनील आहूजा, कादिर सोलंकी, तथागत पांडेय, विधानसभा अध्यक्ष चेतन भानुशाली, नितिन बत्रा, नरेंद्र वर्मा, शकील रिजवी, राजिक सोलंकी, प्रीति वैष्णव, मानव देशमुख, सौरभ वैष्णव, मुकेश निर्मलकर, शुभम पांडेय, प्रतीक अग्रवाल, ऋषि शास्त्री, गौरव शर्मा, रवि साहू, संजय साहू, ऋषभ जैन, पुनीत भर्ती, शोहेल शेख, विशु पांडेय, भवनीत सिंह, मोनू ठाकुर, संदीप सोनी, विक्की धीवर, मयंक यादव, सुनंदन, तिलक, डैनी, प्रियेश, उज्ज्वल, शिशिर डामन वैष्णव, कृत पटेल, नवीन वर्मा, लक्की चंद्राकर, प्रताप, बंटी राजपूत, अमित राजपूत, रेखादास हिरवानी, किशोर वर्मा, गंभीर साहू, पप्पू नेताम, शुभम वैष्णव, अनिरूद्ध सिन्हा, करण बोगा, निक्कू, अजय राजपूत, विक्रम सिन्हा, उमेन्द्र वर्मा, प्रमोद साहू, धर्मेंद्र साहू, लेखचंद वर्मा, राम गुलाल घावडे, देव पेन्द्रों, प्रताप घावडे, रामकुमार चेलक, राहुल निर्मलकर, राहुल साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
राजनांदगांव, 13 जनवरी। नगर के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों की सुविधा को ध्यान में रखते नगर निगम द्वारा पेंशन का भुगतान वार्डों में शिविर लगाकर किया जा रहा है। इसी कड़ी में पेंशन का भुगतान के लिए वार्डों में 14 जनवरी से 5 फरवरी 2021 तक शिविर का आयोजन सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक किया जा रहा है। जिसके तहत 14 जनवरी को वार्ड नं. 01 के लिए साहू धर्मशाला बजरंगपुर नवागांव व वार्ड नं. 2 हेतु लोधी भवन, 15 को वार्ड नं. 4 हेतु स्कूल पास मंच पुराना ढाबा पंचायत भवन नया ढाबा, 16 को वार्ड नं. 3 व 8 हेतु मोतीपुर स्कूल सामुदायिक भवन एवं 18 को वार्ड नं. 5 हेतु शीतला मंदिर चिखली, वार्ड नं. 6 हेतु चिखली स्कूल व वार्ड नं. 10 हेु शिव मंदिर शांतिनगर में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में कोरोना वायरस संक्रमण को ध्यान में रखते मास्क लगाकर, सोशल डिस्टेंस का पालन करते उपस्थित होकर लाभ लेने की अपील की है।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जनवरी। डोंगरगांव तहसील कार्यालय में पदस्थ एक नाजिर पर आर्थिक सहायता की राशि भुगतान करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए हितग्राहियों की पैरवी कर रहे अधिवक्ता नांदगांव कलेक्टर के कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए। मंगलवार को हुए इस घटनाक्रम से प्रशासनिक महकमे में हडक़ंप मच गई।
डोंगरगांव क्षेत्र के कुछ ग्रामीणों को राज्य सरकार से आर्थिक सहायता के लिए राशि की मंजूरी हुई थी। आरोप है कि राशि के एवज में नाजिर द्वारा हितग्राहियों से रुपए की मांग की गई। इसी बात से खफा होकर हितग्राहियों को लेकर वकील कलेक्टर चेम्बर के सामने बैठ गए। मामले की जानकारी होने के बाद कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पीडि़त पक्षकारों के साथ अधिवक्ता कलेक्टर चेम्बर के सामने डोंगरगांव तहसील कार्यालय में पदस्थ नाजिर के भ्रष्टाचारों से आहत अपने पक्षकारों के साथ धरने में बैठे रहे। बताया गया कि ग्राम टिया, कोलिहापुरी, बांकल, बुद्धुभरदा गांव के हितग्राही जिनके पिता, पति, पुत्र एवं परिजनों को विभिन्न दुर्घटनाओं में मौत हुई एवं घायल भी हुए हैं। आर्थिक सहायता राशि के लिए वकील के माध्यम से नियमानुसार पूरी प्रक्रिया के तहत तहसील कार्यालय में आवेदन किया गया।
बताया गया कि शासन से मृतकों के प्रकरण में 25 हजार एवं घायलों के केस में 10 हजार रुपए आर्थिक सहायता राशि शासन द्वारा आबंटित की गई है। आरोप है कि नाजिर द्वारा मृतकों के प्रकरण में 3 हजार एवं घायलों के केस में 2 हजार रिश्वत मांगी जा रही है। नाजिर द्वारा फाइल की जानकारी दी जाती है और अभद्र व्यवहार किया जाता है। जिसके चलते वकील सहित सभी पक्षकार कलेक्टर से इस मामले की शिकायत करने पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
बीईओ कार्यालय में मना राष्ट्रीय युवा दिवस
राजनांदगांव, 13 जनवरी। स्वामी विवेकानंद की 158वीं जयंती पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय राजनांदगांव में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एनके पंचभावे ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेशों को जीवन में आत्मसात करने के लिए युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को आह्वान करते कहा कि उठो, जागो और तब तक नहीं रूकों जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी मानवता के लिए प्रासंगिक एवं मूल्यवान है और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित सद्भावना दौड़ में स्काउट, गाइडस रोवर्स रेंजर्स ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास मिश्रा, भारती आहुजा आर्य एवं गुप्तेश्वरी रावटे, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट-गाईड विनोद हथेल, जिला संगठन आयुक्त मयूख श्रीवास्तव, स्काउटर्स धर्मेन्द्र कुमार रजक, ज्ञानेश्वर नेताम, रमेश दास साहू एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 12 जनवरी। महामना मालवीय मिशन सरगुजा के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जयंती का आयोजन युवा दिवस के रूप में मनाया गया। संस्था के सदस्यों ने घड़ी चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, फिर केशरवानी भवन में व्याख्यानमाला एवं कवि गोष्ठी का आयोजन कर उनके जीवनदर्शन पर प्रकाश डाला।
महामना मालवीय मिशन सरगुजा के अध्यक्ष आर.एन.अवस्थी ने कहा कि विवेकानंद जी का जीवनदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। भारतीय सनातन पद्धति को विश्व के पटल पर रेखांकित करने का कार्य किसी ने किया तो उसका नाम स्वामी विवेकानंद है।
विशिष्ट अतिथि ब्रम्हाशंकर सिंह ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की वो सम्पत्ति होता है जो राष्ट्र को प्रवाहित करता है। आज युवाशक्ति को पहचानने की जरूरत है और उन्हें भारतीय सनातन परम्परा और संस्कृति को याद दिलाने की आवश्यकता है। पाश्चात्य सभ्यता और संस्कृति के तरफ जो लोगों का झुकाव बढ़ते जा रहा, उसे रोकने के लिए विवेकानंद जी के आदर्शों को पढऩा होगा और पढ़ाना होगा, तभी युवाशक्ति राष्ट्र निर्माण में अग्रसर होगी।
मदन मोहन मेहता ने कहा कि विवेकानंद जी का जीवनदर्शन आज भी समसामयिक और प्रसांगिक है। कार्यक्रम में गीता द्विवेदी, रंजीत सारथी, और राजलक्ष्मी पान्डेय ने काव्य के माध्यम से विवेकानंद जी के जीवनचरित्र को रेखांकित किया। इन तीनों की प्रस्तुति ने सबका मनमोह लिया । कार्यक्रम का संचालन संस्था के कोषाध्यक्ष राज नारायण द्विवेदी ने किया।
रामनारायण शर्मा ने विवेकानंद के आदर्शों को आत्मसात करने पर बल दिया। राज नारायण द्विवेदी ने कहा कि कर्तव्यपरायणता और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपालन से व्यक्ति महानतम शिखर पर पहुंचा है । स्वामी विवेकानंद के जीवनदर्शन के मार्मिक कहानियों के संदर्भों के माध्यम से अनेक उदाहरण देकर युवाओं को पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहने का सलाह दी। आभार प्रदर्शन पूर्व अध्यक्ष एम.एम.मेहता ने किया ।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जनवरी। शासकीय सेवकों की वार्षिक वेतन वृद्धि स्वीकृति के अटके मामले का निराकरण छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के साथ मुख्यमंत्री निवास में 2 जुलाई 20 को हो गया था और सरकार द्वारा विलंबित किए गए वेतन वृद्धि को 1 जुलाई को ही स्वीकृत करने एवं 6 माह का एरियर्स एकमुश्त देय होने का आदेश 3 जुलाई 2020 को ही वित्त विभाग ने जारी कर दिया था, लेकिन कतिपय कर्मचारी नेता शासकीय सेवकों को वेतनवृद्धि स्वीकृत नहीं होने के संबंध में कूटरचित तरीकों से भ्रमजाल फैलाते रहे हैं।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा, महामंत्री आरके रिछारिया, कोषाध्यक्ष सतीश मिश्रा, सचिव राजेश चटर्जी, प्रवक्ता विजय झा, बीपी शर्मा, राजनांदगांव जिला संयोजक डॉ. केएल टांडेकर एवं महासचिव सतीश ब्यौहरे ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन ने कोरोना संकट के मद्देनजर प्रदेश के कर्मचारियों को जुलाई 2020 को देय वार्षिक वेतन वृद्धि स्वीकृति पर रोक लगा दिया था। प्रदेशभर के कर्मचारियों में शासन के इस निर्णय को लेकर असंतोष एवं आक्रोश व्याप्त था। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने शासन के इस निर्णय को वापस लेने मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी। मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव वित्त को फेडरेशन के साथ बैठक कर हल निकालने निर्देश दिया था। 2 जुलाई के सुबह फेडरेशन का प्रतिनिधि मंडल प्रमुख सचिव वित्त से मिलकर फार्मूला सुझाया तथा देर शाम मुख्यमंत्री के समक्ष फार्मूले को अंतिम रूप दिया गया था। छत्तीसगढ़ सरकार और छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के मध्य हुए समझौते के अनुसार 1 जुलाई को ही वेतन वृद्धि स्वीकृति तथा जुलाई 20 से दिसंबर 20 तक बढ़े हुए वेतन का 6 माह के एरियर्स भुगतान जनवरी 2021 में करने का निर्णय लिया गया। शासन द्वारा इस संबंध में 3 जुलाई को आदेश भी जारी किया गया था।
उन्होंने बताया कि वेतन वृद्धि स्वीकृत नहीं होने संबंधी एक प्रमुख अखबार में तथाकथित प्रकाशित समाचार से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते राजिम प्रवास के दौरान मीडिया के सामने स्थिति स्पष्ट करते वेतनवृद्धि स्वीकृति एवं तत्संबंधी एरियर्स का भुगतान करने संबंधी 3 जुलाई 2020 को जारी हुआ आदेश यथावत रहने की बात कही। मुख्यमंत्री के बयान से गलतफहमी दूर हो गयी है। राज्य शासन के वित्त विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि राज्य शासन द्वारा शासकीय कर्मचारियों की वार्षिक वेतन वृद्धि नहीं रोकी गई है तथा इसका भुगतान जनवरी माह से किया जाना प्रारंभ हो गया है। इसी प्रकार 1 जनवरी 2021 को देय वार्षिक वेतन वृद्धि जनवरी 2021 में स्वीकृत करते भुगतान जुलाई 2021 के नियमित वेतन से किया जाएगा।
तथा 1 जनवरी 2021 से 30 जून 2021 तक की देय एरियर्स राशि का भुगतान जुलाई 2021 में किया जाएगा।
गौरतलब है कि राज्य में अधिकांश कर्मचारी अधिकारी को वार्षिक वेतन वृद्धि 1 जुलाई को स्वीकृत होती है, लेकिन कुछ शासकीय सेवकों को 1 जनवरी को भी स्वीकृत होती है। उल्लेखनीय है कि वार्षिक वेतन वृद्धि स्वीकृति पश्चात 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2020 तक एरियर्स का भुगतान जनवरी 21 तथा यदि 1 जनवरी 2021 का वेतनवृद्धि स्वीकृत हो तो एरियर्स सहित जुलाई 2021 में भुगतान करने का आदेश यथावत प्रभावशील है। शासन के इस आदेश पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला ईकाई राजनांदगांव के संरक्षक अशोक माहेश्वरी, सह संयोजक रफीक खान, कोषाध्यक्ष बीएस मंडावी, वरिष्ठ उपाध्यक्षगण मुकुल साव, रामनारायण सिंह बघेल, सीएल चंद्रवंशी, रविकांत यादव, संतोष चौहान, डॉ. बीपी चंद्राकर, भीषम ठाकुर, महामंत्रीगण अरूण देवांगन, संजय तिवारी, विनोद मिश्रा, पीआर झाड़े, राघवेन्द्र सिंह, प्रवक्ता आरएस क्षत्री, संगठन सचिव हरीश भाटिया, विनोद यादव, उत्तम फंदियाल, पीएल साहू, शिव देवांगन, मिलिंद तायवाड़े, गीता जुरेशिया, बृजभान कुमार सिन्हा, सहसचिव उपेन्द्र रामटेके, हरीशचंद यादव, सुदेश यादव, मीडिया प्रभारी एवं कार्यालय सचिव दुर्गेश त्रिवेदी सहित संस्कारधानी के समस्त शासकीय सेवकों ने हर्ष व्यक्त किया है।
राजनांदगांव, 12 जनवरी। कायस्थ समाज द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती मनाई गई। जिसमें वार्ड के पूर्व पार्षद देवेंद्र मोहन लाला देबू भैया प्रमुख रूप से उपस्थित थे। समाज के अध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव सहित कायस्थ समाज के पदाधिकारी एवं स्वजातीय गणमान्य महिला विंग आदि उपस्थित थे। अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद ने संपूर्ण विश्व को राह दिखाया और कहा कि उठो जागो और तब तक प्रयास करते रहो, जब तक सफलता नहीं मिल जाती।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जनवरी। श्री रिटेल कपड़ा एवं रेडीमेड व्यापारी संघ का गत दिनों स्थानीय अभिनंदन गैलेक्सी में वार्षिक एवं नववर्ष मिलन समारोह संपन्न हुआ। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी व्यापारी इसमें सम्मिलित हुए। जिसमें वार्षिक मीटिंग एवं विभिन्न मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
‘चेम्बर आपके द्वार’ के तहत राजनांदगांव चेंबर ऑफ कामर्स के संरक्षक खूबचंद पारख, अध्यक्ष ज्ञानचंद बाफना, प्रदेश चेंबर उपाध्यक्ष शरद चितलांग्या, मंत्री भीमन धनवानी एवं अन्य पदाधिकारी इसमें सम्मिलित हुए। संरक्षक खुबचंद पारख ने चेंबर की गतिविधियों एवं उसके इतिहास पर प्रकाश डाला एवं अध्यक्ष ज्ञानचंद बाफना ने वर्तमान सत्र की गतिविधियों की जानकारी दी तथा चेंबर के सहयोग का आश्वासन दिया। उपाध्यक्ष शरद चितलांग्या ने श्री चेंबर एवं कपड़ा संघ से मिलकर चलने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम उपरांत कपड़ा एसोसिएशन का द्विवार्षिक चुनाव संपन्न कराया गया। जिसमें अगले 2 वर्षों के लिए रमेश बजाज को अध्यक्ष घोषित किया गया तथा सचिव मनोज ओस्तवाल एवं कोषाध्यक्ष नागेश कांकरिया को मनोनित किया गया। इस कार्यकाल के बाद भी अगले अध्यक्ष के लिए दिनेश कोठारी को मनोनित किया गया। निवृत्तमान अध्यक्ष धीरू भाई पटेल ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही नई टीम को बधाई दी। कार्यक्रम का सफल संचालन दिनेश कोठारी एवं आभार व्यक्त दिनेश झाबक ने किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जनवरी। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने एक बयान जारी करते कहा कि जिले में अमृत मिशन योजना को शुरू हुए लगभग 3 वर्ष हो चुके हैं। हर योजना के लिए केंद्र राज्य सरकार द्वारा लगभग 200 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है, लेकिन योजना अभी तक अपने मूल स्वरूप को प्राप्त नहीं कर पाई है। इसके साथ ही इस योजना से पता नहीं क्यों राजनांदगांव की जनता को वर्तमान परिस्थिति में लाभ कम नुकसान ज्यादा हो रहा है। जिसके लिए निगम के अमृत मिशन से जुड़े उच्च अधिकारी जिम्मेदार हैं।
किशुन यदु ने आरोप लगाया कि अमृत मिशन के कार्यों पर न तो सतत निगरानी हो रही है और न ही कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जा रहा है। निगम के अधिकारियों को अपने चेंबर से निकलने की फुर्सत नहीं है। पूरे शहर को अमृत मिशन के लिए खोद दिया गया है और जहां नहीं खुदा है, यकीन मानिये अगले दो-चार दिन में वहां भी खुदाई कार्य हो जाएगा, लेकिन खुदाई करने के बाद महीनों तक न तो निगम वहां पाईप लाइन डलवा रही है और न ही खोदी गई सडक़ों पर नियमानुसार कांक्रीट या डामरीकरण कार्य किया जा रहा है। इससे साफ जाहिर होता है अमृत मिशन के कार्यों पर नगर निगम के अधिकारी सिर्फ गाढ़ी कमाई करने में जुटे हुए हैं।
श्री यदु ने कहा कि जहां कहीं थोड़ा बहुत रिपेयरिंग काम हुआ भी है, जनता उसकी क्वालिटी देख सकती हैं। एक सामान्य से ठेकेदार के लिए नियमों की लंबी फेहरिस्त है, लेकिन जो लगभग दो अरब रुपए का प्रोजेक्ट चल रहा है, उसके लिए निगम के पास शायद कोई नियमावली नहीं है। जिसकी वजह से स्थानीय ठेकेदार अपनी मनमानी पर उतारू हंै।
गोलीकांड के शहीदों के परिजनों का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जनवरी। सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि छुईखदान नगर का गौरवशाली इतिहास है। इस नगर में कला, संस्कृति, साहित्य और सेनानियों का समागम है। श्री पांडेय गत दिनों शहीद स्मारक परिसर छुईखदान में जय जगन्नाथ सेवा समिति द्वारा छुईखदान गोलीकांड की 68वीं बरसी के अवसर पर आयोजित एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
सांसद श्री पांडेय ने कहा कि छुईखदान नगर ने ना केवल स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, बल्कि आजादी के बाद भी अपनी अस्मिता की रक्षा के लिए बढ़-चढक़र भाग लिया। उन्होंने अपनी जान की भी परवाह नहीं की और छुईखदान तहसील को तोड़े जाने के विरोध में अहिंसक सत्याग्रह करते तत्कालीन शासन की नीतियों का विरोध किया था। तत्कालीन शासन द्वारा तहसील स्थानांतरित करने की कार्रवाई के दौरान गोलीकांड में छुईखदान नगर के तीन पुरूष और 3 महिलाएं अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा करते शहीद हो गए थे। इस अवसर पर श्री पांडेय ने छुईखदान परत दर परत के लेखक और वरिष्ठ पत्रकार वीरेन्द्र बहादुर सिंह की तारीफ करते कहा कि उन्होंने छुईखदान के इतिहास को लिपिबद्ध कर एक महत्वपूर्ण काम किया है ।
अध्यक्षता करते हरि ठाकुर स्मारक संस्थान रायपुर के सचिव और वरिष्ठ पत्रकार आशीष सिंह ने कहा कि 9 जनवरी का दिन छुईखदान के लिए गर्व का दिन है। इस दिन छुईखदान के 6 वीर सपूतों और वीरांगनाओं ने अपने अधिकार की रक्षा करते अपना प्राणोत्सर्ग कर दिया था । छुईखदान परत दर परत के लेखक और वरिष्ठ पत्रकार वीरेन्द्र बहादुर सिंह ने छुईखदान गोलीकांड की संक्षिप्त में जानकारी दी। गोलीकांड की 68वीं बरसी पर शहीद पं. द्वारिका प्रसाद तिवारी के पुत्र पं. वामन प्रसाद तिवारी, पं. बैकुंठ प्रसाद तिवारी के पोते पं. संजय प्रसाद तिवारी, ठाकुर मना सिंह के सुपुत्र बोधन सिंह ठाकुर, भूलिनबाई के सुपुत्र कृष्णाराम महोबिया, कचरा बी के पोते शब्बीर खान और रमसिरबाई के करीबी परिजन प्रेमलाल चन्द्राकर का सांसद संतोष पांडेय ने सम्मान किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जनवरी। शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय राजनंादगांव में प्राचार्य डॉ. आईआर सोनवानी के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन गत दिनों ऑनलाइन किया गया। इस अवसर पर अनेक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में जिला परियोजना अधिकारी राजनांदगांव रश्मि सिंह ने कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने प्रचार-प्रसार निरंतर चलते रहना चाहिए। वे सभी विद्यार्थी जो 18 वर्ष के हो गए हैं। वे ऑनलाइन वोटर कार्ड बनाने फार्म भरे या फार्म नंबर 6 भरकर भी वोटर कार्ड बना सकते हैं। उन्होंने वोटर कार्ड बनाने, त्रुटि होने पर सुधार करवाने, स्थानांतरण होने पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने इत्यादि काम बहुत आसानी से ऑनलाइन या ऑफलाइन करने के तरीके बताए।
प्राणीशास्त्र के विभागाध्यक्ष डॉ. एसआर कन्नोजे ने कहा कि युवा अगर ठान लें कि हम 100 प्रतिशत वोट डालकर लोकतंत्र को मजबूत करेंगे तो यह बहुत अच्छे संकेत होंगे। पढ़े-लिखे लोग राजनीति में आएंगे तो भारत के विकास की गंगा बहेगी। कार्यक्रम का संचालन करते नोडल अधिकारी डॉ. नागरत्ना गनवीर ने मतदान को लोकतंत्र का महापर्व बताया।
इतिहास विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. फुलसो पटेल ने कहा कि अच्छी सरकार बनाने की जिम्मेदारी आप युवाओं की है। आप लोग लोकतंत्र की रणभूमि को सफल बनाने/मजबूत बनाने सारथी की तरह डटे रहें।समाज शास्त्र की प्राध्यापक डॉ. एलिजाबेथ भगत ने कहा कि हमें किसी भी प्रकार से लालच में नहीं पडऩा चाहिए। हमें उन्हीं उम्मीदवारों को चुनना चाहिए, जो देश व समाज के लिए काम कर सके।
मतदाता जागरूकता पर अनेक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में आकाश मानिकपुरी प्रथम, जीया मानिकपुरी द्वितीय तथा सागर यादव तृतीय रहे। निबंध लेखन में ईशिका गुनवानी प्रथम, संजना साहू द्वितीय, एवं जयश्री तृतीय रही। नारा लेखन में सागर यादव प्रथम, अंजली रजक द्वितीय तथा रूपलाल तृतीय रहे। सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
राजनांदगांव, 12 जनवरी। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय क्षय नियत्रंण कार्यक्रम अंतर्गत जिले में 11 जनवरी से 15 फरवरी तक ‘टीबी हारेगा देश जीतेगा’ अभियान चलाया जा रहा है।
इसके अंतर्गत जिले में टीबी की उच्च जोखिम समूहों जैसे जेल, खदान, शहरी झुग्गी बस्तिओं, राइस मिल, फैक्ट्री, वृ़द्धाश्रम, एचआरजी समूहों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं में टीबी रोग की जांच की जाएगी। अभियान के संचालन के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, टीबी चैम्पियन, एनजीओ पार्टनर एवं मितानीनों की खोजी दल का गठन किया गया है। जिनके द्वारा संपर्क कर टीबी प्रकरणों की पहचान की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि उच्च जोखिम समूहों में निवास एवं कार्य करने वाले व्यक्तियों में टीबी रोग होने की संभावना अधिक होती है, जिसे अभियान के माध्यम से खोजने का प्रयास किया जा रहा है। शासन द्वारा टीबी रोग की जांच एवं उपचार की सुविधा स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्रों में नि:शुल्क उपलब्ध है।
राजनांदगांव, 12 जनवरी। जिलेभर के पंचायत सचिव लगभग 15 दिन से मांगों को लेकर अनिश्चितकाल हड़ताल में डटे हुए हैं। सोमवार को सचिवों ने भैंस के आगे बीन बजाकर प्रदर्शन किया। सोमवार को जनपद पंचायत राजनांदगांव के पंचायत सचिवों ने जनपद मुख्यालय के सामने भैंस के आगे बीन बजाकर प्रदर्शन किया। अब तक कुछ भी पहल नहीं होने से सचिव निराश हुए बिना रोज नए तरीके से सरकार का ध्यानाकर्षण का प्रयास कर रहे हैं। ज्ञात हो कि बीते दिनों धरनास्थल पर पूजा और यज्ञ का आयोजन रखा था, ताकि सरकार को सद्बुद्धि और सुशासन के नीतियों का ज्ञान हो सके।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 12 जनवरी। केन्द्र के तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर दिल्ली में आंदोलरत किसानों की मदद के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक की तीन सोसायटियों में पहुंचकर क्षेत्र के किसानों से एक-एक पैली व एक रुपए सहयोग राशि एकत्रित की। कांग्रेसियों ने इस दौरान केंद्र के तीनों कृषि कानूनों को किसान विरोधी करार देते भाजपा को किसान विरोधी एवं पंूजीपतियों व व्यापारियों की पार्टी बताया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी की अगुवाई में सोमवार को कांग्रेसियों ने ब्लॉक की तीन सोसायटी विचारपुर, चिल्हाटी व आमाटोला में दिल्ली में आंदोलरत किसानों के सहयोग के लिए अन्न व धन दान के रूप में एकत्रित किया। विचारपुर में सुबह 11 से दोपहर 12 बजे के मध्य एवं चिल्हाटी में दोपहर 1 से 2 एवं आमाटोला में दोपहर 3 से 4 के मध्य क्षेत्र के किसानों से सहयोग राशि एक-एक रुपए व अन्न के रूप में एक-एक पैली धान एकत्रित किया। धान बेचने के लिए सोसायटी पहुंचे किसानों ने कांग्रेसियों को दिल्ली में कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए डेढ़ माह से आंदोलनरत किसानों के सहयोगा के लिए सहर्ष दान दिया।
क्षेत्र के किसानों के बीच पहुंचे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने भाजपा को किसान विरोधी बताते केन्द्र के तीनों कृषि कानूनों को किसानों के खिलाफ व पूंजीपतियों को बढ़ावा देने वाला कानून बताया। उन्होंने कहा कि इस कानून को यदि वापस नहीं लिया जाता है तो आने वाले समय में किसान अपनी मर्जी से न तो कृषि कर पाएंगे और न अपना उपज बेच पाएंगे। इस कानून के माध्यम से उनकी जमीन व फसल एक तरह से पूंजीपतियों के हाथों में बंधक हो जाएगी और वे अपनी इच्छा के अनुरूप खेती भी नहीं कर पाएंगे। इस कानून के माध्यम से कालाबाजारी, जमाखोरी व आवश्यक वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो जाएगी।
इस दौरान विचारपुर में युकांध्यक्ष मनीष बंसोड़, अफसान खान, लोकदीप बोरकर, बस्तर सलामे, प्रकाश गजभिये, कबीर दास फुलकौरे, दुलार सिंह, निजाम साय कटेंगा, सरपंच माखनलाल चंद्रवंशी, सरपंच शिवशंकर चंद्रवंशी, लक्ष्मण मंडावी एवं चिल्हाटी सोसायटी में भैयाराम कुंजाम, कन्हैया नेताम, शारदा दूधकौरे, सुदेश हारमे, घनश्याम दूधकौरे, शंकरलाल रहंडाले, ललित मंडावी एवं आमाटोला में जसवंत साहू, गोपाल पाल, हेमराय साहू, जगदीशराम, धर्मेन्द्र कोरे, बहुर सिंह, बाबूलाल भैसारे, केशव मालेकर, सुकाल पाल, श्यामसाय ठाकुर, रामप्यारी सहाडे, संतोष भारद्वाज, कृपाशंकर नशीने, दयाशंकर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में आमाटोला, चिल्हाटी व विचारपुर सेक्टर के कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पंचायत के कार्यों की समीक्षा की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11जनवरी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजीत वसंत ने शुक्रवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित प्रथम बैठक में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं जिला पंचायत अंतर्गत चल रहे कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी जनपद पंचायत अधिकारियों एवं मैदानी अमला की उपस्थिति में मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, गोधन न्याय योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं जिला पंचायत के सभी अधिकारियों से प्रथम परिचय के साथ विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।
सीईओ श्री वसंत ने प्रधानमंत्री आवास योजना की चर्चा पर विकासखंड स्तर पर पदस्थ कॉर्डिनेटर से कार्यो में हो रही विलंब और समस्याओं की जानकारी लेते तत्काल जिला स्तर के अधिकारियों को निराकरण करने निर्देशित किया। उन्होंने हितग्राहियों की लंबित तृतीय किस्त को जल्द से जल्द जारी कर निर्माण कार्यो को 90 दिवस में अनिवार्यत: पूर्ण कराये जाने हेतु निर्देशित किया।
स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत वर्ष 2020-21 में स्वीकृत शौचालयों की प्रगति, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यो की समीक्षा, लक्ष्य के विरूद्ध पूर्णता के प्रतिशत की समीक्षा की। जिसमें कार्यों की गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराये जाने के लिए निर्देशित किया। श्री वसंत ने जिला पंचायत की प्रथम परिचय सह समीक्षा बैठक का आयोजन कर भविष्य की कार्ययोजनाओं को निर्धारित किया। बैठक में मुख्य रूप से अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, उप संचालक पंचायत, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, जिला एवं जनपद समन्वयक, विकासखंड परियोजना प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जनवरी। सोमवार को जिला कार्यालय में शहर के बसंतपुर क्षेत्र के लोग पहुंचे। वार्डवासियों ने यहां जिलाधीश श्री वर्मा से सौजन्य मुलाकात कर अपनी समस्या से अवगत कराया।
वार्डवासी पूर्व पार्षद देवशरण सेन, राजेश यादव पार्षद, अश्वनी साहू, भावना वासनिक, अरूण वासनिक , पूजा बंसोड़, चमरू ठाकुर व अन्य का कहना है कि वार्ड नंबर 42 राजीव नगर गुजराती स्कूल के पीछे कई वर्षों से रहते हैं और उन्हें अब तक राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत मिलने वाले पट्टे से दूर रखा गया है, वहां के लोगों का कहना है कि उन्हें भी स्थाई पट्टा दिया जाए।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जनवरी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की रेडियो वार्ता लोकवाणी की 14वीं कड़ी में युवाओं से बातचीत विषय पर रविवार को दिग्विजय कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्रों ने तन्मयता पूर्वक सुना। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस पर उनके प्रेरणादायक विचार एवं आदर्शों के संबंध में युवाओं से चर्चा की।
शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के एमए अंतिम वर्ष के छात्र प्रीतम कुमार ने कहा कि वे शासन द्वारा युवा एवं किसान वर्ग के लिए चलाए जा रहे योजनाओं से प्रभावित हंै। बी. कॉम अंतिम वर्ष के छात्र डालेन्द्र साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत युवाओं को अपने हुनर के हिसाब से नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिससे युवा आत्मनिर्भर हो रहे हैं।
बी. कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा वीणा साहू ने कहा कि शासन द्वारा युवाओं के लिए विभिन्न योजनाएं हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में कला को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक अकादमी का गठन किया गया है। जिसमें अपनी कला को उभारने का अवसर मिलेगा।
एम. कॉम की छात्रा चांदनी झा ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं से लोगों का जीवन स्तर में बढ़ोत्तरी हुई है, जो बहुत ही प्रशंसनीय है। बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र डालुसिंह श्रीवास ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शासन द्वारा नि:शुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने से युवाओं को मार्गदर्शन मिल रहा है।
बी. कॉम अंतिम वर्ष के छात्र नोमंत देवांगन ने कहा कि कौशल विकास योजना के अंतर्गत ऋण लेने की व्यवस्था से युवा स्वरोजगार के लिए प्रेरित हो रहे है। बी. कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा खेमिन साहू ने कहा कि कौशल विकास योजना से गांव के युवाओं को लाभ मिल रहा है। अर्जुन महिलांगे, उर्वशी चंदेल, सुधा साहू, वीणा देवांगन, लोकेश्वर खुटेल, करण, वीणा साहू ने भी लोकवाणी सुना।
ज्ञापन सौंप जल्द समस्या का समाधान करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जनवरी। सोमवार को जिला कार्यालय में डोंगरगढ़ ब्लॉक के मोहारा क्षेत्र के ग्रामीण पहुंचे। यहां उन्होंने जिलाधीश के नाम से ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की बात कही। लिखित आवेदन में ग्रामीणों ने अंकित किया गया कि किसानों ने धान तो बेच दिया है, लेकिन राशि का भुगतान नहीं हुआ है। राशि नहीं मिलने की वजह से किसानों को विभाग के चक्कर लगाना पड़ रहा है।
शिकायत करने आए किसानों का कहना था कि सेवा सहकारी समिति छिपा डोंगरगढ़ में किसानों ने धान बेचा, जिसके बाद भुगतान अब तक हो जाना था, पर ऐसा हुआ नहीं। राशि के कई बार अफसरों से चर्चा की गई, लेकिन केवल कोरा आश्वासन ही मिला।
किसान मोतीराम, उभेराम, दुगरू व अन्य ने बताया कि कर्ज लेकर खेती-बाड़ी करते है, लेकिन अफसोस तो तब होता है कि जब धान बेचने के बाद भी समय पर राशि का भुगतान नहीं होता है तो सारा बजट बिगड़ गया है। किसानों का कहना था कि भुगतान को लेकर कई बाद अफसरों से मिलकर शिकायत की गई, लेकिन अब तक कार्रवाई शून्य है।