छत्तीसगढ़ » राजनांदगांव
59 बच्चों का किया गया आंकलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 फरवरी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय बौद्धिक दिव्यांगता सशक्तिकरण संस्थान के अधीन संचालित समेकित क्षेत्रिय केन्द्र राजनांदगांव छत्तीसगढ़ द्वारा 17 फरवरी को विकासखंड खैरागढ़ के विक्टोरिया स्कूल खैरागढ़ में सीआरसी राजनांदगांव और मेडिकल कॉलेज की टीम द्वारा समग्र शिक्षा में अध्ययनरत सभी प्रकार के दिव्यांग बच्चों का सहायक उपकरण आंकलन शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 59 बच्चों का आंकलन किया गया।
तत्पश्चात किरण एमएचआरएच टोल फ्री नंबर 18005990019 के बारे सहायक प्राध्यापक राजेन्द्र कुमार प्रवीण ने शिविर में आए सभी मेडिकल टीम एवं पालकगण को किरण हेल्प लाइन नंबर पर मानसिक रोगों से ग्रस्त लोगों का पुनर्वास कैसे किया जाता है। इसकी जानकारी दी गई। जिसमें समग्र शिक्षा एपीसी समावेशी शिक्षा केपी विश्वकर्मा, सीआरसी सहायक अध्यापक विशेष शिक्षा विभाग राजेंद्र कुमार प्रवीण, सहायक प्राध्यापक स्पीच थेरपिस्ट (वाक् एवं श्रवण विभाग) गजेन्द्र कुमार साहू, रीहबिलिटेशन ऑफिसर गौतम चौरे, देवकी सिंघ, यशोदा रेड्डी, आरती यादव, दिलीप कुमार भारती एवं सभी पालकगण थे।
शिक्षक का चयन साक्षात्कार के माध्यम से
राजनांदगांव, 18 फरवरी। जिले के 5 विकासखंड में 5 नवीन स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम की शालाएं संचालित की जानी है। शा.उ.मा. शाला छुरिया, शा.बालक उ.मा.शाला डोंगरगढ़, शा.क.उ.मा. शाला डोंगरगांव, शा.उ. माध्यमिक शाला मोहला तथा स्व. श्री लाल मूरत सिंह खुसरो शा. उ.मा. शाला गंडई में अंग्रेजी माध्यम संचालित किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक, अन्य गैर शैक्षणिक कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति वांछित योग्यता अनुसार की जानी है।
जिले के अंतर्गत इच्छुक शिक्षक, कर्मचारी जो 5 नवीन स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में प्रतिनियुक्ति चाहते हैं तो वे अपना आवेदन गूगल सीट ष्ह्वह्लह्ल.द्य4/द्गद्गद्वह्य में 28 फरवरी 2021 तक कर सकते हैं। प्रतिनियुक्ति का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। जिसकी सूचना पृथक से दी जाएगी। 28 फरवरी के पश्चात प्रतिनियुक्ति के लिए प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम को लेकर जताया विरोध
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 फरवरी। पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में शहर के मुख्य मार्गों से चार पहिया वाहन को रस्सी से खींचकर युवक कांग्रेस ने बुधवार को रैली निकाली।
प्रदेश युकां अध्यक्ष पूर्णचंद पाढ़ी एवं छग प्रभारी व राष्ट्रीय युवा कांग्रेस महासचिव संतोष कुलकुंडा एवं एकता ठाकुर के निर्देशानुसार तथा कांग्रेस नेता जितेन्द्र मुदलियार के मार्गदर्शन व प्रदेश युकां सचिव सुनील आहूजा एवं युकां के विधानसभा अध्यक्ष चेतन भानुशाली के नेतृत्व में पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार वृद्धि के विरोध में राजनांदगांव युवा कांग्रेस ने चार पहिया वाहन को रस्सी से खींच कर शहर के मुख्य मार्गों में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
युकां के विस अध्यक्ष चेतन भानुशाली ने कहा कि केंद्र सरकार की लगातार विफलताओं के बाद भी जनता को प्रताडि़त करने का कार्य किया जा रहा है। पिछले कई वर्षों से लगातार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार को आम जनता का दर्द नहीं दिख रहा है। केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों को घटाने का वादा किया था, लेकिन 6 वर्ष में आज तक सबसे ज्यादा दाम बढ़ा है। छ: वर्ष में सरकार ने जितनी भी योजनाएं चलाई, सभी योजनाओं को जनता ने अस्वीकार कर दिया है। युकां के पदाधिकारियों ने गुस्से के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
युकां प्रदेश सचिव सुनील आहूजा ने कहा कि आज देशभर की अर्थव्यवस्था पेट्रोलियम पदार्थों में हुए मूल्य वृद्धि के कारण जनता की कमर टूट सी गयी है। जबकि कच्चे तेल के दामों की कीमत बहुत ही ज्यादा कम है। आज देश में सारे टैक्स लगाकर भी 60 रुपए लीटर पेट्रोल बेचा जाए तो भी रोज अरबों का फायदा सरकार को होगा, लेकिन सरकार ने अंबानी के रिलायंस पेट्रोल पंप को फायदा पहुंचाने इस तरह का हथकंडा अपना रही है। आज भारत की अर्थव्यवस्था में पेट्रोलियम पदार्थों मेें वृद्धि के कारण चरमरा गयी है। तत्काल मोदी सरकार को इस ओर ध्यान देकर बढ़ी हुई पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम किया जाना चाहिए।
इस दौरान राजिक सोलंकी, नितिन बत्रा, प्रीति वैष्णव, हिमानी वासनिक, निखत प्रवीण, पींकू खान, अमित कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में युकां कार्यकर्ता मौजूद थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 फरवरी। प्रकाशपुर के ग्राम पंचायत सचिव को जिला पंचायत सीईओ ने कार्य में लापरवाही और फर्जी राशि भुगतान किए जाने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत ने ग्राम पंचायत प्रकाशपुर के सचिव बसंतलाल साहू को पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता एवं घोर लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में श्री साहू का मुख्यालय जनपद पंचायत कार्यालय खैरागढ़ निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। ज्ञात हो कि गौठान समिति अध्यक्ष राम साहू एवं ग्राम पंचायत सचिव बसंतलाल साहू द्वारा व्यक्तिगत तौर पर शांतिबाई साहू (पति राम साहू) के नाम पर गोधन न्याय योजना के तहत फर्जी राशि भुगतान किए जाने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा की गई थी। गौठान समिति के समस्त सदस्य एवं ग्रामवासी द्वारा शिकायत करने पर उक्त शिकायत की जांच की गई।
जांचकर्ता जनपद सीईओ खैरागढ़ से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार ग्राम पंचायत सचिव द्वारा बिना गोबर क्रय किए शांतिबाई पति राम साहू के खाते में 41 हजार 234 रुपए का भुगतान किया गया है, जो गोधन न्याय योजना के प्रावधान के विरूद्ध है। शांतिबाई साहू पति राम साहू के खाते में गोबर खरीदी की फर्जी तरीके से भुगतान राशि की वसूली की जाएगी। गोधन न्याय योजना के तहत शांतिबाई के खाते में फर्जी तरीके से राशि का भुगतान किए जाने में ग्राम पंचायत सचिव की भूमिका पाई गई।
मौसम के बदले रूख से ठंड फिर लौटी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 फरवरी। बीती रात बेमौसम बारिश होने से स्थानीय मंडी और सोसाइटियों में खुले में रखा धान भीग गया। बारिश के चपेट में आने से उपज की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात को मौसम का मिजाज बदल गया। मौसम विभाग ने बेमौसम बारिश के लिए चेतावनी जारी की थी। बारिश होने से खुले में पड़े धान भीग गए।
तेज गर्जना के साथ बीती रात को बारिश हुई। हालांकि बारिश कुछ देर बाद बंद हो गई, लेकिन सोसाइटियों में रखे धान में कवर नहीं होने के कारण भीग गए। वहीं मौसम के बदले रूख की वजह से तापमान में गिरावट आने से लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। मंगलवार शाम को मौसम बदलने के साथ ही बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से लोगों ठंड का अहसास हुआ और जिले के कुछ स्थानों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई थी।
इधर छत्तीसगढ़ समेत राजनांदगांव में भी बुधवार को मौसम के बदले रूख से दिनभर ठंडी हवाएं चलती रही। वहीं सर्द मौसम से तापमान में तेजी से गिरावट आई। बुधवार को पूरे दिन सर्दीली हवाओं से ठंड फिर से लौट आई। बताया जा रहा है कि विदर्भ के ऊपर चक्रवाती घेरा होने से मौसम बदल गया। छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाके में हुई बारिश के असर से समूचे राज्य में इसका व्यापक असर पड़ा है।
मंगलवार शाम के बाद बुधवार को भी सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे। वहीं ठंडी हवाएं चलने से लोग गर्म कपड़ों का भी उपयोग करते दिखे। बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात को बारिश हुई। वहीं गुरुवार सुबह आसमान में काले बादल छाए रहे और लोगों को ठंडी का भी अहसास हुआ। वहीं आसमान में काले बादल छंटने के बाद सूर्य भी निकली। इधर बीती रात बारिश होने से स्थानीय मंडी और सोसाइटियों में रखे धान भीग गए।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। समूचे छत्तीसगढ़ समेत राजनांदगांव में भी बुधवार को मौसम के बदले रूख से दिनभर ठंडी हवाएं चली। वहीं सर्द मौसम से तापमान में तेजी से गिरावट आई। मंगलवार देर शाम को बदले मौसम से अचानक तेज हवाएं चली। बुधवार को पूरे दिन सर्दीली हवाओं से ठंड फिर से लौट आई।
पिछले दो-तीन दिनों से दिन में पड़ रही गर्मी से लोगों के पसीने छूटने लगे थे। रात के तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मंगलवार को दिन का तापमान लगभग 33 डिग्री तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि विदर्भ के ऊपर चक्रवाती घेरा होने से मौसम बदल गया। छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाके में हुई बारिश के असर से समूचे राज्य में इसका व्यापक असर पड़ा है।
मंगलवार शाम को अचानक मौसम में फेरबदल के चलते ठंडी हवाएं चली और जिले के कुछ स्थानों में बूंदबांदी भी हुई। इधर बुधवार को भी सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे। वहीं ठंडी हवाएं चलने से लोग गर्म कपड़ों का भी उपयोग करते दिखे। बताया जा रहा है कि विदर्भ के ऊपर एक चकरी चक्रवाती घेरा बना हुआ है। ऐसे में कल 18 फरवरी तक इसके बने रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से जिले के कुछ स्थानों पर हल्की मध्यम बारिश की भी संभावना है। इधर मौसम में फेरबदल के चलते रबी फसल को भी नुकसान होने की आशंका है। वहीं खरीदी केंद्रों में रखे धान भी बारिश में भीगने की आशंका है।
राजनांदगांव, 17 फरवरी। तीन कृषि कानूनों को वापस लेने एवं समर्थन मूल्य गारंटी कानून पास करने की मांग को लेकर 18 फरवरी को किसान राजनांदगांव मेें रेल रोको आंदोलन करेंगे। गत् दिनों पनेका में जिला किसान संघ की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
जिला किसान संघ ने पे्रस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि देश में लगतार जारी आंदोलन के राष्ट्रीय नेतृत्व ने 18 फरवरी को देशभर में 12 से संध्या 4 बजे तक रेल रोको आंदोलन करने का आह्वान किया है। इसी के मद्देनजर राजनांदगांव में भी रेल रोको आंदोलन करने का फैसला किया गया है। राष्ट्रीय आंदोलन के साथ लगातार कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष किया जा रहा है, जो निरंतर जारी रहेगा। आगे दिल्ली में आंदोलन को मजबूती के साथ छग में भी आंदोलन को तेज करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। रेल रोको आंदोलन में भाग लेने कवर्धा, कांकेर, कोंडागांव, जगदलपुर से भी किसानों का जत्था शमिल होगा। दिल्ली आंदोलन में भागीदारी करने किसानों का जत्था 19 को दिल्ली कूच करेगा। इससे पूर्व तीन जत्थे दिल्ली जा चुके हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। शासकीय कमलादेवी राठी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा छात्राओं को प्रभावी अध्ययन व आकर्षक तरीके से उत्तर प्रस्तुत करने प्राचार्य डॉ. सुमन सिंह बघेल की अध्यक्षता में साइंस कॉलेज की विभागाध्यक्ष डॉ. एएन माखीजा के इफेक्टिव स्टडी एंड एट्रेक्टिव पेपर प्रेजेन्टेशन विषय में व्याख्यान का आयोजन किया गया।
प्राचार्य ने छात्राओं को विषय की अच्छे से तैयारी करने के साथ ही अपने उत्तर को प्रभावी तरीके से लिखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आप जानते बहुत कुछ हैं, पर उस प्रभावी ढंग से लिखना भी आवश्यक है।
डॉ. एएन माखीजा ने छात्राओं को पाठ्यक्रम रखने, संतुलित भोजन, व्यायाम, शारीरिक स्वास्थ्य व मानसिक स्वास्थ्य, अध्यापन कक्ष का वातावरण रोशनी व्यवस्था, स्वच्छता आदि का अध्ययन पर पडऩे वाले प्रभावों को बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की प्रति अपने पास रखने हेतु कहा। बिना पाठ्यक्रम परीक्षा की तैयारी करने में अनिश्चितता होगी कि कहीं पाठ्यक्रम के बाहर के विषय न अध्ययन कर लिया जाए। परीक्षा तैयारी के लिए पूर्व में ही उत्तर की रूपरेखा तैयार करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को अच्छी लिखावट में परिभाषा सहित चित्रमय, आवश्यकता अनुसार उदाहरण, प्रश्न के अनुरूप ही उत्तर लिखने हेतु बताया। उन्होंने छात्राओं को कार्य टिप्पणी (वर्किंग टिप्स), लिखने का महत्व बताया। छात्राओं द्वारा परीक्षा के तैयारी से संबंधित प्रश्नों का समाधान किया। महाविद्यालय परिवार की ओर से डॉ. लाली शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। कलेक्टर टीके वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नगर तथा ग्राम निवेश राजनांदगांव द्वारा एकल खिडक़ी प्रणाली, भू-व्यपवर्तन एवं भवन अनुज्ञा प्रकरणों के निराकरण के संबंध में कार्यशाला का आयोजन किया गया। उप संचालक नगर तथा ग्राम निवेश सूर्यभान ठाकुर ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने एकल खिलड़ी प्रणाली, भू-व्यपवर्तन, भवन निर्माण, अवैध विकास, अवैध निर्माण, नियमितीकरण, विकास योजना, भूमि उपयोग की जानकारी के बारे में विस्तार से बताया। छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 के प्रावधानों के अंतर्गत राजनांदगांव कार्यालय के कार्य क्षेत्र में संपादित विकास योजना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही निवेश क्षेत्र में वर्तमान भूमि उपयोग का अंगीकरण, विकास योजना समिति का गठन दावा/आपत्ति/सुझाव, विकास योजना तैयार कर लागू करना, विकास योजना भूमि उपयोग के अनुसार विकास को नियंत्रण करना, विकास अनुज्ञा धारा-16/धारा - 29/धारा-27/28, भू-व्यपवर्तन सक्षम अधिकारी द्वारा करना, भवन निर्माण सक्षम अधिकारी द्वारा अनुमति देना, अवैध निर्माण भवनों का नियमितीकरण तथा निर्मित भवन का अधिभोग परिवर्तन करने के विषय में जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर हरिकृष्ण शर्मा,अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक, सभी विकासखंड के एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।
राजनांदगांव, 17 फरवरी। नगर निगम राजस्व वसूली के लिए सुनियोजित अभियान चलाने जा रहा है। नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने बकाया राजस्व वसूली के लिए वार्ड प्रभारियों के साथ-साथ पूरी राजस्व टीम को वार्डवार शिविर के संबंध में कार्यक्रम निर्धारित कर लक्ष्य के अनुरूप वसूली कार्य संपादित करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त श्री कौशिक ने बताया कि वर्तमान में नगर निगम की राजस्व वसूली अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2020-21 में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस कोविड-19 संक्रमण के कारण निगम के राजस्व वसूली भी प्रभावित हुई है। उपरोक्त परिस्थिति को दृष्टिगत रखते छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम (भवन/भूमि) कि वार्षिक भाड़ा मूल्य अवधारण निगम 1997 की कंडिका 12 के अंतर्गत नगर पालिक निगम के अधिकारी/कर्मचारियों को संबंधित भूमि भवनों के वार्षिक भाड़ा मूल्य के आधार पर सम्पत्ति/समेकितकर के निर्धारण तथा वसूली हेतु सुबह 10 से 4 बजे तक 15 से 28 फरवरी तक प्रतिदिन वार्डों में चलाए जाने वाले इस अभियान के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को राजस्व वसूली का दायित्व सौंपा गया है। शिविर में सम्पत्तिकर के साथ-साथ जल कर, समेकित कर, दुकान किराया/लाइसेंस/गुमटी एवं अन्य बकाया की वसूली की जाएगी।
आयुक्त श्री कौशिक ने बताया कि 15 से 17 फरवरी के पश्चात कल 18 से 21 फरवरी तक के शेष वार्ड नं. 16,17,18 व 19 के लिए अशोक चौधरी के घर के पास पास ममता नगर, आनंद मंगल भवन, वार्ड नं. 20 व 21 के लिए सामुदायिक मंच पेंड्री प्रा.शाला भवन पेंड्री, वार्ड नं. 23, 44 व 45 के लिए रवि इलेक्ट्रिकल्स के पास, कमला कॉलेज रोड, वार्ड नं. 29 व 30 के लिए परशुराम भवन मठपारा एवं वार्ड नं. 49 व 50 के लिए मोहड वार्ड कार्यालय, सिंगदई हनुमान मंदिर के पास में सुबह 10 से 4 बजे तक शिविर का आयोजन किया गया है। इसी प्रकार शेष वार्डों में भी वसूली के लिए शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से नगर निगम द्वारा आयोजित वार्ड शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने बकाया करों का भुगतान कर नगर विकास में सहभागी बनने की अपील की है।
निगम कर्मियों को मिला दिसंबर तक का वेतन
राजनांदगांव, 17 फरवरी। नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लॉकडाउन की स्थिति में कम राजस्व वसूली एवं अन्य प्रशासनिक कठिनाईयों के कारण नगर निगम के कर्मचारियों को वेतन भुगतान करने में कठिनाई आ रही थी, किन्तु विगत 3-4 माह में कड़ी राजस्व वसूली, शिविर के माध्यम से वसूली आने से प्रतिमाह कर्मचारियों को वेतन भुगतान किया जा रहा है। माह दिसंबर 2020 तक का वेतन सभी कर्मचारियों को भुगतान किया जा चुका है और माह जनवरी 2021 का वेतन भी अतिशीघ्र भुगतान किया जाएगा।
राजनांदगांव, 17 फरवरी। भाजयुमो के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह और भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी कमल सोनी को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद बधाई देने का सिलसिला चल रहा है। दोनों के निवास में लगातार युवा वर्ग का बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ है। हाल ही में भाजपा और भाजयुमो में हुई नियुक्तियों में युवा वर्ग को संगठन द्वारा महत्व दिया गया है। पार्टी ने भाजयुमो जिलाध्यक्ष के लिए मोनू बहादुर को उपयुक्त माना। वहीं सोशल मीडिया के लिए कमल सोनी को जिम्मेदारी दी है। मोनू और कमल ने अपनी नियुक्ति के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और पूर्व सांसद मधुसूदन यादव का आभार माना है।
19 तक आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना अंतर्गत वर्ष 2021-22 की कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 7 मार्च को होगी। यह परीक्षा एकलव्य आवासीय विद्यालय पेंड्री राजनांदगांव में दोपहर 12 से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। चयन के लिए लिखित परीक्षा ली जाएगी।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से प्राप्त जानकारी के अनुसार चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए। छत्तीसगढ़ राज्य में मान्य अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति वर्ग का होना चाहिए। इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र जरूरी है। छत्तीसगढ़ में संचालित किसी भी मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत हो। चयन परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के पालकों की आय समस्त स्त्रोतों से 2 लाख 50 हजार रुपए से अधिक न हो।
पालकों को निर्धारित प्रपत्र में स्व घोषणा पत्र देना होगा। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत तथा नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों में ही पढऩे वाले बच्चे इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थी अपने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय या जिला शिक्षा कार्यालय से संपर्क कर आवेदन पत्र अध्ययनरत शाला में 19 फरवरी तक जमा कर सकते हैं।
राजनांदगांव, 17 फरवरी। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज चुनाव 2021 के संदर्भ में व्यापारी एकता पेनल द्वारा राजनांदगांव जिले के समस्त व्यापारियों के लिए व्यापारी एकता सम्मेलन का आयोजन 18 फरवरी को शाम 6.30 बजे अभिनंदन गैलेक्सी जिला चिकित्सालय के सामने स्थित कॉलोनी में आयोजित किया जा रहा है। इसमें व्यापारी एकता पेनल के प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी योगेश अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री पद के प्रत्याशी राजेश वासवानी एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी निकेश बरडिया उपस्थित रहेंगे। एकता पैनल राजनांदगांव जिले के प्रवक्ता रोशन गोलछा ने बताया कि अति विशिष्ट रूप से चेम्बर ऑफ कॉमर्स के वरिष्ठगण श्रीचंद सुंदरानी, पूरनलाल अग्रवाल, जितेंद्र बरलोटा एवं खूबचंद पारख तथा सुरेश डुलानी भी उपस्थित रहेंगे।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के वरिष्ठ शरद चितलांग्या, भीमन धनवानी, विनोद डढ्ढा एवं जिला अध्यक्ष ज्ञानचंद बाफना ने बताया कि इस वर्ष व्यापारी एकता पेनल में जिले के पद पर प्रदेश उपाध्यक्ष के लिए शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी मनसुखलाल प्रागजी भाई के संचालक हसमुख भाई रायचा एवं प्रदेश मंत्री पद के प्रत्याशी के लिए अमर ललवानी को व्यापारी एकता पेनल से मौका दिया गया है। चुनाव प्रभारी रूपचंद भीमनानी ने शहर व जिले के गणमान्य व्यापारियों से अनुरोध किया है कि चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के विश्वसनीय एवं सबसे पुराने व्यापारी एकता सम्मेलन के इस आयोजन में अवश्य अपनी सहभागिता दे और व्यापारी हित में महत्वपूर्ण सुझाव भी अपेक्षित है।
राजनांदगांव, 17 फरवरी। राजनांदगांव द्वारा 13 व 14 फरवरी को दो दिवसीय पुष्प महोत्सव का आयोजन आनंद वाटिका में किया गया। इसमें पुष्प प्रदर्शनी के साथ-साथ गायन, नृत्य व चित्रकला आदि प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। नृत्य प्रतियोगिता में जान्हवी कौशिक एवं मानवी कौशिक पिता चंद्रकांत कौशिक ने देशभक्ति गीत तेरी मिट्टी में मिल जावा में मनमोहक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर उन्हें प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। प्रथम स्थान प्राप्त करने पर परिजनों ने उन्हें शुभकामनाएं दी है।
मोनू के नेतृत्व में रूवातला के युवा भी शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के समक्ष विधि महाविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सुधांशु जोशी ने भाजपा की कार्यशैली से प्रभावित होकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करते कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
कांग्रेस छोडऩे के पश्चात जोशी ने कांग्रेस की कथनी और करनी को देखकर भाजपा में अपना विश्वास जताया। कांग्रेस के लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रहे जोशी ने भाजपा को बेहतर एक विश्वसनीय विकास पार्टी बताया।
उधर जिला भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादुर के नेतृत्व में ग्राम रूवातला के युवाओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। जिसमें मनीष वर्मा, अश्वनी वर्मा, जिवरा खान, गोलू वर्मा, उपेंद्र वर्मा, जग्गू वर्मा, खिलेश भारती, भीखम वर्मा, शैलेश नेताम, हानेश्वर सिन्हा, नकुल मंडावी, करण वर्मा, भानु प्रताप यादव, अजीत वैष्णव, वासु श्रीवास व हुमेमेश्वर वर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से लीलाराम भोजवानी, संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल, कोमल सिंह राजपूत, तरुण लहरवानी, मूलचंद भंसाली, रघुवीर वाधवा, मणिभास्कर गुप्ता सहित भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित थे। उक्त जानकारी जिला भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी कमल सोनी ने दी।
प्रभारी मंत्री के कड़े तेवर के बाद कलेक्टर हुए सख्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। डीएमएफ फंड में मंजूरी के बावजूद तय समय पर कार्य नहीं किए जाने की स्थिति में जिलेभर के जनपद सीईओ को ताकीद करते कलेक्टर टीके वर्मा ने सभी सीईओ को वेतन नहीं दिए जाने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि कार्य में देरी के लिए सीधे तौर पर सीईओ जिम्मेदार होंगे। 12 फरवरी को प्रभारी मंत्री मो. अकबर ने डीएमएफ फंड के तहत मंजूर कार्यों को पूर्ण नहीं किए जाने के मामले में अफसरों को फटकार लगाया था। उन्होंने जिले के 80 फीसदी प्रमुख अफसरों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
बताया जा रहा है कि टीएल बैठक में कलेक्टर ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के तहत दी गई राशि से वर्ष 2017-18 के कार्य लंबित रखने के लिए सभी जनपद सीईओ के वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीएमएफ मद के तहत तत्कालीन अधिकारियों द्वारा महत्वपूर्ण कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई है। जिसमें अनावश्यक विलंब किया गया है। ऐसे कार्यों पर विशेष ध्यान देते शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न केवल ग्रामीण, बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी कार्य होना चाहिए।
कलेक्टर ने पहुंचविहीन क्षेत्रों के चिन्हांकन के संबंध में जिला पंचायत सीईओ से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्र जो बरसात के दिनों में मुख्य मार्ग से कट जाते हैं, उनको चयनित कर योजनाबद्ध तरीके से रोड, पुल-पुलिया के निर्माण की आवश्यकता है। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को ऐसे पहुंचविहीन क्षेत्रों के लिए प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत ने बताया कि डोंगरगढ़ एवं छुईखदान के कुछ क्षेत्र पहुंचविहीन है। कलेक्टर ने मानपुर विकासखंड के जनपद सीईओ से पहुंचविहीन क्षेत्रों की जानकारी ली। जनपद सीईओ डीडी मंडले ने बताया कि एलडब्ल्यूई के अंतर्गत पुल-पुलिया का निर्माण किया जा रहा है।
कनेरी में पीएमजीएसवाई के तहत रोड का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर ने धान खरीदी सत्यापन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मौसम को ध्यान में रखते धान खरीदी केन्द्र में धान को सुरक्षित रखने की जरूरत है। उन्होंने सहकारिता, खाद्य एवं जिला विपणन अधिकारी को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। सोसायटी की मदद करते खरीदे गए धान की सुरक्षा के इंतजाम करने के लिए कहा। सोसायटी में ड्रेनेज की व्यवस्था होनी चाहिए। बारिश होने की स्थिति में पानी नहीं रूकना चाहिए। जिला विपणन अधिकारी से डीओ के काटने के संबंध में जानकारी ली।
गर्भवती को नहीं लगेगा वैक्सीन
कलेक्टर वर्मा ने कोरोना वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय के सभी अधिकारी-कर्मचारी वैक्सीन लगवाएं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिला एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को वैक्सीन नहीं लगेगा। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि जिले में सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूल खुल चुके हैं वहां कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना सुनिश्चित करें। इसमें लापरवाही नहीं होना चाहिए। कोरोना के लक्षण वाले बच्चों को स्कूल में प्रवेश नहीं देना है। जिनके घर कोविड-19 के मरीज हैं ऐसे घर के बच्चे भी स्कूल में नहीं आना चाहिए। यह भी ध्यान रखें कि कक्षाओं में सोशल डिस्टेसिंग का पालन हो।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गंडई पंडरिया, 16 फरवरी। सोमवार को लगभग 11 माह के बाद पुन: स्कूलों को खोला गया है परंतु लम्बी छुट्टी के बाद भी अधिकांश शिक्षकों में पूरा स्टाफ नहीं पहुचे थे।
ग्राम पंचायत ठाकुरटोला स्थित शास.उच्च माध्यमिक विद्यालय में 12 शिक्षकों का स्टॉफ है जो स्कूल के 9 वी कक्षा से लेकर 12 वी कक्षा के 407 बच्चो को शिक्षा देते है। प्रथम दिन लगभग 100 बच्चे स्कूल आये थे वही 12 शिक्षकों में से 6 शिक्षक स्कूल में उपस्थित रहे थे ।
स्कूल के प्रभारी प्राचार्य से पूछने पर उन्होंने बताया कि आज 6 शिक्षक स्कूल में नही आये है। आवेदन के विषय पर पूछने पर पता चला कि अनुपस्थित शिक्षकों में से किसी भी शिक्षक ने छुट्टी का आवेदन नही दिया है ।
राजेश वैष्णव विज्ञान सहायक,योगेंद्र सिंह राजपूत व्यख्याता, राजेश कुमार राजपूत, लिलेंद्र वर्मा के साथ ही व्यवसायिक कोर्स वाले 2 शिक्षक भी स्कूल से बिना आवेदन के नदारद रहे थे जिसमें दिनेश देशमुख ,हितेश्वर निर्मलकर हैं।
जिला कलेक्टर टी के वर्मा का कहना है कि स्कूल खोले जाने का निर्देश था। बच्चा नही आया ठीक है लेकिन शिक्षकों को अनिवार्य रूप से संबंधित स्कूल में पहुंचना था, नही पहुचा है तो संबंधित विभाग को निर्देशित कर एक दिन का वेतन काटे जाने और स्पष्टीकरण जारी करने निर्देशित किया जाएगा।ा।
प्रभारी प्राचार्य बलदाऊ जंघेल शास.उच्च माध्यमिक विद्यायल ठाकुरटोला से पूछने पर उन्होंने बताया कि अनुपस्थित शिक्षको को कारण बताओ नोटिस जारी किया जायेगा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 फरवरी। स्व. अभिलेख अग्रहरि की स्मृति में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया गया। आयोजन में कलेक्टर टीके वर्मा एवं एसपी डी. श्रवण ने राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर प्रतियोगिता में जीतने वाले खिलाडिय़ों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि तीरंदाजी देश का प्राचीन खेल रहा है। महाभारत के समय में अर्जुन ने पानी में मछली के आंख को देखते निशाना लगाया था। इस खेल के लिए लगन और एकाग्रता की जरूरत होती है। वर्तमान में प्रदेश के खिलाड़ी इस आयोजन में भाग ले रहे हंै। यहां आदिवासी क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रतिभागियों का निशाना बहुत अच्छा होता है। इन क्षेत्रों में सांस्कृतिक रूप से धनुष से शिकार करने की परंपरा होती है। वर्तमान तकनीक के अनुरूप इन प्रतिभागियों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। प्रशिक्षण के माध्यम से गुणवत्ता में सुधार होगा। इससे छत्तीसगढ़ से प्रतिभागी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीरंदाजी का क्षेत्र बढ़ा है, जहां प्रतिभागी को आगे बढऩे का अधिक अवसर मिलेगा। शासन की ओर से तीरंदाजी में विभिन्न तकनीक से प्रशिक्षण देने और गुणवत्ता में सुधार के लिए 3 लाख 40 हजार रूपए की स्वीकृति दी गई है।
एसपी डी. श्रवण ने विभिन्न जिले से इस प्रतियोगिता में भाग लेने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी बहुत ही रोमांचक खेल है। प्रदेश के प्रतिभागियों के लिए तीरंदाजी का क्षेत्र बढ़ा है। यहां प्रशिक्षण की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे प्रदेश के प्रतिभागियों के राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने का मौका मिलेगा। इस अवसर पर सीएसपी मणीशंकर चंद्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम मुकेश रावटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
150 खिलाडिय़ों ने लिया हिस्सा
राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 150 खिलाडिय़ों ने भाग लिया, जिन्होंने तीरंदाजी में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर किया। इंडियन राऊंड के सीनियर बालक वर्ग में बिलासपुर के संदीप कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। वहीं राजनांदगांव के चंदन साहू ने द्वितीय एवं बिलासपुर के धनीराम मरावी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर बालिका वर्ग में बिलासपुर की मांगबाई ने प्रथम व राजनांदगांव की माया बघेल ने द्वितीय एवं राजनांदगांव की रश्मि साहू तृतीय स्थान पर रही। जूनियर बालक वर्ग में बिलासपुर के नकुल सिंह ने प्रथम व बिलासपुर के विकास कुमार द्वितीय एवं कोरबा के भीष्मराज जांगड़े ने तृतीय स्थान हासिल किया। जूनियर बालिका वर्ग में कोरबा की माही जांगड़े ने प्रथम एवं राजनांदगांव की पल्लवी ने द्वितीय तथा राजनांदगांव की हर्षिता साहू तृतीय स्थान पर रही। इसी तरह रिकर्व में जूनियर बालक वर्ग में बिलासपुर के रोहित प्रथम एवं बिलासपुर के विरेन्द्र द्वितीय तथा दुर्ग के पूर्व साहू तृतीय स्थान पर रहे। वहीं रिकर्व में जूनियर बालिका वर्ग में रायपुर की दुर्गेश नंदनी प्रथम, सरगुजा की नेहा कुजूर द्वितीय और सरगुजा की पूजा तिर्की तृतीय स्थान हासिल करने में सफल रही।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वाति स्पोट्र्स, अभिलेख वेलफेयर फाउंडेशन, शांति विजय सेवा समिति, संस्कारधानी तीरंदाजी संघ द्वारा राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता राज्य के तीरंदाज खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के साथ खिलाडिय़ों में खेल भावना एवं अनुशासन को विकसित करने के लिए आयोजित की गई। यहां लगातार दूसरे वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 फरवरी। नियाय पाती अभियान में हजारों की संख्या में मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और प्रमुख सचिव शिक्षा को व्यक्तिगत पोस्टकार्ड लिखने वाले शिक्षकों का छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने आभार जताया। फेडरेशन ने शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षक संवर्ग को पदोन्नति देने संबंधी जारी हुए आदेश का श्रेय शिक्षकों के एकजुटता को दिया है। वहीं प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं प्रमुख सचिव शिक्षा को पदोन्नति पर न्यायोचित निर्णय लेने पर धन्यवाद ज्ञापित किया है।
उल्लेखनीय है कि शिक्षक संवर्ग को पदोन्नति एवं सहायक शिक्षक पद पर भर्ती हुए शिक्षकों को तृतीय समयमान वेतनमान के दो सूत्रीय मांग पर छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के आह्वान पर नियाय पाती अभियान के प्रथम चरण में 20 दिसंबर से 31 दिसंबर 2020 तक प्रदेश के शिक्षकों ने हजारों की संख्या में पोस्टकार्ड मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री और प्रमुख सचिव शिक्षा को लिखा और दूसरे चरण में 9 सितंबर 20 को राज्य के 28 जिलों में फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन दिया। प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. आलोक शुक्ला के राज्यव्यापी दौरे के दौरान फेडरेशन के पदाधिकारियों ने पुन: स्मरण ज्ञापन दिया।
फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी एवं प्रांतीय महामंत्री सतीश ब्यौहरे ने नियाय पाती अभियान में भागीदार रहे शिक्षकों का आभार व्यक्त करते कहा कि अभी तो एक मुद्दा का निराकरण हुआ है और पदोन्नति देने का निर्णय सरकार ने लिया है। सहायक शिक्षकों को तृतीय समयमान, क्रमोन्नति वेतनमान लेवल-12 (ग्रेड पे 5400) मिलना अभी बाकी है।
उन्होंने बताया कि शिक्षामंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम को फेडरेशन ने पदोन्नति मामले पर न्यायालयीन आदेश के परिपे्रक्ष्य में महाधिवक्ता कार्यालय द्वारा नियमित पदोन्नति करने 19 फरवरी 2020 के अभिमत को प्रस्तुत कर तदानुसार लिखित पक्ष 9 जनवरी 2021 को रखा था। छग प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं प्रमुख सचिव शिक्षा को पदोन्नति पर न्यायोचित निर्णय लेने पर धन्यवाद ज्ञापित किया है। साथ ही सहायक शिक्षक पद पर भर्ती हुए शिक्षकों को 30 वर्ष सेवा उपरांत समयमान क्रमोन्नत वेतनमान लेवल-12 (ग्रेड पे 5400) पर भी निर्णय लेने आग्रह किया है।
राजनांदगांव, 16 फरवरी। कलेक्टर टीके वर्मा ने सोमवार को कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में जिला टॉस्क फोर्स समिति की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन करें। कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित लक्ष्य को पूरा करें। अग्रिम पंक्ति में कार्य करने वाले कोरोना वारियर्स। जिसमें राजस्व, पुलिस, नगर पालिक निगम, रोजगार सहायक, सचिव, कोटवार एवं अन्य कोरोना वारियर्स का प्राथमिकता से टीकाकरण करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि वर्तमान में हेल्थ केयर वर्कर्स के वैक्सीनेशन में जिला तीसरे स्थान पर है। अभी तक कुल 12 हजार 735 हेल्थ वर्करों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। टीकाकरण का दूसरा डोज 13 फरवरी से प्रारंभ हो गया है, जिन्होंने एक बार वैक्सीनेशन करा लिया है वे 28 दिन पूरा होने के बाद कोविड-19 वैक्सीनेशन सेंटर में जाकर दूसरे डोज का टीकाकरण कराएं। उन्होंने बताया कि बटालियन, बीटीएस, पुलिस एवं आईटीबीपी के जवानों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत, डिप्टी कमांडेट सैय्यद जावेद अली, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कविलाश टंडन, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल कुमरे, डीपीएम गिरीश कुर्रे, डीडीएम अखिलेश चोपड़ा, रक्षित-आरक्षित केन्द्र के अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
रैली निकालकर सौंपा मांग पत्र, वादा-खिलाफी का लगाया आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 फरवरी। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ के बैनर तले जिलेभर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं ने सोमवार को जिला कार्यालय सामने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते आवाज बुलंद की। तत्पश्चात शहर में रैली निकालकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के प्रतिनिधि को मांग पत्र सौंपा।
आयोजित सभा को संबोधित करते आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका संघ के प्रदेश प्रभारी योगेशदत्त मिश्रा ने प्रदेश की भूपेश सरकार को आड़े हाथों लेते उनके द्वारा चुनाव पूर्व किए गए वायदों को याद दिलाते कहा कि राज्य सरकार के वर्तमान मुखिया ने उस दौरान अपने चुनाव घोषणा पत्र में इस बात का स्पष्ट उल्लेख किया था कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को न्यूनतम वेतन दिया जाएगा, किन्तु सरकार बनने के दो साल बाद भी राज्य सरकार द्वारा इस तरह का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।
श्री मिश्रा ने कहा कि यह आंदोलन देशभर के सभी जिला केंद्रों में आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को मांग पत्र देकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को सरकारी कर्मचारी घोषित करने, सामाजिक सुरक्षा देने, न्यूनतम वेतन 18000 रुपए प्रतिमाह देने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत देश के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों को प्राथमिक पाठशाला की मान्यता देने, इसमें कार्यरत कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को प्री-प्रायमरी शिक्षिका का दर्जा देने, भविष्य निधि, पेेंशन, ग्रेजुएटी, चिकित्सा सुविधा देने तथा अर्जित अवकाश, आकस्मिक अवकाश, चिकित्सा अवकाश व त्यौहारों पर छुट्टियां देने की मांग की गई है।
रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की जिलाध्यक्ष हेमीन भगत, सचिव चित्ररेखा, जिलामंत्री विष्णुदास साहू, मीनाक्षी, अल्का, अनीता ठाकुर, शारदा धु्रव, रूखमणी वैष्णव, उमा ठाकर, अमरीकाबाई, उत्तरा साहू, चित्ररेखा डोंगरे, पुष्पा धु्रव, खेमा झा, गजानंद मिश्रा, नरेशराम साहू तथा पुनाराम सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका शामिल थी।
राजनांदगांव, 16 फरवरी। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध सांस्कृतिक संस्था गोदना कोहका डोंगरगांव के तत्वावधान में आगामी 18 फरवरी को शाम 5 बजे स्थानीय पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर आडिटोरियम गौरवपथ राजनांदगांव में सुप्रसिद्ध नाटक ‘राक्षस’ का मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू व अध्यक्षता महापौर हेमा देशमुख करेंगी। विशेष अतिथि राजगामी संपदा न्यास के चेयरमैन विवेक वासनिक, छत्तीसगढ़ अल्प संख्यक आयोग सदस्य हफीज खान, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष नवाज खान, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पदम कोठारी, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, राजगामी संपदा न्याय सदस्य गोवर्धन देशमुख एवं रमेश खंडेलवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव जितेन्द्र मुदलियार होंगे।
उक्त जानकारी गोदना के संचालक/निर्देशक रामशरण वैष्णव ने बताया कि नाटक ‘राक्षस’ के लेखक मुंबई के सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. शंकर शेष है। नाटक का निर्देशन रामशरण वैष्णव ने कि या है। संगीत रामशरण वैष्णव, रवि रंगारी और सुप्रसिद्ध गायिका लता खापर्डें का है। उन्होंने बताया कि लगभग पौने दो घंटे के इस नाटक का मूल भाव एक कवि और राक्षस के बीच का द्वंद है। नाटक पूर्णत: नि:शुल्क है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 फरवरी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय बौद्धिक दिव्यांगता सशक्तिकरण संस्थान के अधीन संचालित समेकित क्षेत्रिय केन्द्र राजनांदगांव छत्तीसगढ़ द्वारा 8 से 12 फरवरी तक सीआरसी राजनांदगांव में भारतीय पुनर्वास परिषद नई दिल्ली के नियमानुसार पांच दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन विकासात्मक दिव्यांगता में आधुनिक विकास वाद-विवाद एवं उभयसंकट तर्क पर सीआरई कार्यक्रम का ऑनलाइन आयोजन किया गया। जिसमें 30 प्रतिभागी विभिन्न राज्यों से शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीआरसी के निदेशक कुमार राजू द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 1.30 बजे तक विभिन्न विभागीय प्रोफेशनल्स सहायक प्राध्यापक राजेंद्र कुमार प्रवीण, विशेष प्रशिक्षक (विशेष शिक्षा विभाग) प्रसादी कुमार महतो, सहायक प्राध्यापक (मनोविज्ञानिक विभाग) श्रीदेवी गोडिशाला, गजेन्द्र साहू एवं पूनम (वाक् एवं श्रवण विभाग), (परोस्थेटिक एंड आर्थोटिक विभाग) अभिनंदन नायक, प्रवक्ता (फिजियोथेरेपी विभाग) आशीष परासर एवं प्रवक्ता (व्यावसायिकथेरेपी विभाग) देबाशीष रॉउत के द्वारा दिव्यांगता के क्षेत्र में नई आकलन विधि और विकासात्मक दिव्यांगता के विकास की अवस्थाओं की विस्तृत चर्चा की गई, ताकि सभी प्रतिभागी अपने क्षेत्र में इस ज्ञान का उपयोग दिव्यांगजन के सही आकलन एवं जीवन स्तर को बढ़ाने में मददगार हो। कार्यक्रम के सभी सत्र बाद भारतीय पुनर्वास परिषद नई दिल्ली के नियमानुसार प्रतिभागियों मूल्यांकन भी किया गया, ताकि प्रतिभागियों का आत्मबल बढ़े और आखिरी दिन धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन कार्यक्रम समन्वयक अभिनंदन नायक द्वारा किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 फरवरी। दिल्ली में आंदोलरत किसानों के समर्थन में कांग्रेस आगामी दिनों पैदल यात्रा करने की तैयारी में है। मंगलवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने सर्किट हाउस में कांग्रेस पार्षदों और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर पदयात्रा के संबंध में रणनीति बनाई।
पुलिस निगरानी में अंतिम संस्कार
प्रदीप मेश्राम
राजनांदगांव, 16 फरवरी (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। मानपुर इलाके में दशकभर पहले नक्सली रहे एक युवक के पिता को समाज का कंधा नसीब नहीं हुआ। मानपुर के सहपाल-बसेली के बाशिंदे कारूराम जाड़े की दो दिन पहले बीमार हालत में मृत्यु हो गई। जाड़े की एक वक्त आदिवासी समाज में तूती बोलती थी। अंदरूनी इलाकों के आदिवासी समुदाय में उनका एक दबदबा भी था। उनके पुत्र भगत जाड़े करीब 10 साल पहले हथियार छोडक़र नक्सल विचारधारा से बाहर निकलकर मुख्यधारा में लौटे थे।
राज्य सरकार की नक्सल पुनर्वास नीति के चलते उन्हें पुलिस महकमे में सहायक आरक्षक के बाद बेहतर कार्य करने के चलते आरक्षक बनाया गया। बताया जाता है कि भगत जाड़े ने डीवीसी रहते हुए नक्सलियों से मुंह मोड़ लियाा था। इसी बात को लेकर नक्सल संगठन की ओर से दबाव बनाने के लिए जाड़े परिवार के साथ मानपुर इलाके के आदिवासी नेताओं को हिदायत मिली थी। लंबे समय से जाड़े परिवार के साथ आदिवासी समाज ने नाता तोड़ लिया था।
दो दिन पहले आत्मसमर्पित नक्सली भगत जाड़े के पिता की मृत्यु होने के बाद दाह संस्कार में शामिल होने से समाज ने दूरी बना ली। वहीं आसपास के गांवों के लोगों को किसी भी तरह का सहयोग नहीं करने की दबे स्वर चेतावनी दी गई थी। बताया जाता है कि पुलिस की निगरानी में आखिरकार आत्मसमर्पित नक्सली के पिता को मुखाग्नि दी गई।
बताया जाता है कि मानपुर थाना प्रभारी लक्ष्मण केंवट और मदनवाड़ा थाना प्रभारी शशांक पौराणिक समेत अन्य पुलिस अफसरों ने अपनी मौजूदगी में मृत शरीर की अंत्येष्टि की। बताया जाता है कि जाड़े परिवार के लोगों पर नक्सलियों की लंबे समय से नजर है। पुलिस ने सुरक्षागत कारणों से अपनी मौजूदगी में दाह संस्कार कराया। भगत जाड़े ने 2012 में तत्कालिन एसपी डॉ. संजीव शुक्ला के समक्ष आत्मसर्पण किया था। जाड़े वर्तमान में आरक्षक हैं। जल्द ही उनके कंधे में एक स्टॉर भी लगेगा। नक्सल मुहिम में पुलिस का भरपूर साथ देने के चलते महकमे ने उन्हें एक मामले में आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दे दिया है। माना जाता है कि जाड़े के मुख्यधारा में लौटने से मानपुर इलाके में नक्सलियों की जड़े हिल गई। इसी से बौखलाए नक्सलियों ने जाड़े परिवार को सामाजिक स्तर पर घेरते हुए समाज को दूर रहने की हिदायत दी। आखिरकार समाज ने भी नक्सलियों के भय से कंधा देने से किनारा कर लिया।