राष्ट्रीय
चंडीगढ़, 21 फरवरी हरियाणा के सुरक्षा कर्मियों ने कुछ युवा किसानों द्वारा बुधवार को पंजाब और हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर कई चरणों वाले अवरोधकों की ओर बढ़ने के बाद आंसू गैस के गोले छोड़े।
हरियाणा पुलिस ने सुबह करीब 11 बजे आंसू गैस के गोले छोड़े जिसके बाद युवा किसान बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखे।
पंजाब और हरियाणा के बीच दो सीमा बिंदुओं पर प्रदर्शन कर रहे किसान बुधवार को अपना ‘‘दिल्ली चलो’’ मार्च फिर से शुरू कर रहे हैं।
सरकारी एजेंसियों द्वारा पांच साल तक दालें, मक्का और कपास न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने के केंद्र के प्रस्ताव को खारिज करने के बाद वे अपना आंदोलन फिर से शुरू कर रहे हैं।
हजारों किसानों ने 13 फरवरी को दिल्ली की ओर मार्च शुरू किया था। इन किसानों को हरियाणा सीमा पर ही रोक दिया गया था, जहां उनकी सुरक्षाकर्मियों से झड़प हुई थी। किसान तब से हरियाणा के साथ लगती पंजाब की सीमा पर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा फसलों के लिए एमएसपी पर कानूनी गारंटी और कृषि कर्ज माफी समेत अपनी मांगों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए ‘दिल्ली चलो’ मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं। (भाषा)
पटना, 21 फरवरी । बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफा के बाद कई तरह की चर्चा शुरू हो गई है।
इसकी सूचना विधानसभा सचिवालय ने बुधवार को जारी की। नीतीश मंत्रिमंडल विस्तार के पहले उनके इस्तीफे को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
इस मामले में हजारी ने कहा कि उन्होंने स्वेच्छा से पद से इस्तीफा दिया है। मैं पार्टी का एक सिपाही हूं, पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका निर्वहन करेंगे।
हजारी चार बार विधायक चुने गए हैं। इससे पहले वे नीतीश मंत्रिमंडल में मंत्री थे।
(आईएएनएस)
कानपुर (उप्र), 21 फरवरी कानपुर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के लगे कुछ पोस्टर चर्चा का विषय बने हुए हैं। इन पोस्टर में राहुल गांधी को रथ पर सवार प्रभु श्री कृष्ण और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय को अर्जुन के रूप में दिखाया गया है।
पिछली 14 जनवरी को मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत करने वाले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की यात्रा बुधवार को उन्नाव के रास्ते कानपुर पहुंचेगी। राहुल कानपुर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
पोस्टर छावनी और घंटाघर इलाकों के पास स्थित माल रोड पर लगाये गये हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य संदीप शुक्ला की तरफ से से पोस्टर लगवाए गए हैं जिनमें नीचे की ओर उनकी तस्वीर लगी हुई है।
इस बारे में संदीप से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। (भाषा)
चेन्नई, 21 फरवरी । मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक को प्रदेश में बैलगाड़ी दौड़ के आयोजन के लिए सर्कलुर जारी करने का निर्देश दिया है।
न्यायमूर्ति डी. कृष्णकुमार और न्यायमूर्ति आर. विजयकुमार की खंडपीठ ने राज्य पुलिस से स्पष्ट कह दिया है कि वो चाहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट और राज्य पुलिस द्वारा निर्धारित किए गए दिशानिर्देशों के तहत रेस का आयोजन किया जाए।
कोर्ट ने यह निर्देश उन याचिकाओं पर सुनवाई के बाद दिया है, जिसमें थेनी और तंजावुर जिलों में बैलों के रेस के आयोजन का आदेश देने का आग्रह किया गया था।
याचिकाकर्ता ने कोर्ट को अवगत कराया कि प्रदेश में किसी भी प्रकार के रेस का आयोजन कराने की दिशा में अभी तक कोई एकरूपता देखन को नहीं मिली है, जो कि चिंता का विषय है।
अदालत की मदुरै पीठ की खंडपीठ ने सरकार से इस बात पर जवाब मांगा था कि किस आधार पर ऐसे आवेदनों को अनुमति दी जाती है या खारिज किया जाता है। कोर्ट के निर्देश के आधार पर अब डीजीपी को नए सिरे से गाइडलाइन जारी करनी होगी।
(आईएएनएस)
नयी दिल्ली, 21 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसानों से पांचवें दौर की बातचीत की पेशकश करते हुए उनसे शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की है।
भाजपा ने कहा कि किसानों का विकास केंद्र सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने यहां भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने बातचीत की पेशकश की है। चर्चा और संवाद से ही समाधान निकलेगा।’’
उन्होंने कहा कि सरकार खुले मन से चर्चा के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, ‘‘किसानों से हमारी अपील है कि शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकलना चाहिए।’’
प्रसाद ने कहा कि भाजपा-नीत केंद्र सरकार ने किसानों के लिए कितना काम किया है, यह कई बार बताया जा चुका है।
उन्होंने कहा, ‘‘किसानों का विकास हमारी बहुत बड़ी प्राथमिकता है और रहेगी।’’
एक दिन पहले प्रदर्शनरत किसानों ने सरकारी एजेंसियों द्वारा पांच साल तक दालें, मक्का और कपास न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने के केंद्र के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था और अपना आंदोलन जारी रखने की घोषणा की थी।
किसान नेताओं के साथ चौथे दौर की बातचीत में तीन केंद्रीय मंत्रियों की समिति ने रविवार को प्रस्ताव दिया था कि किसानों के साथ समझौता करने के बाद सरकारी एजेंसियां पांच साल तक दालें, मक्का और कपास एमएसपी पर खरीदेंगी। लेकिन, किसान नेताओं ने इस प्रस्ताव को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह किसानों के हित में नहीं है।
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ‘दिल्ली चलो’ मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं।
प्रदर्शनरत किसानों और हरियाणा पुलिसकर्मियों के बीच 13 फरवरी को अंबाला के समीप पंजाब-हरियाणा सीमा पर झड़प हुई थी। (भाषा)
नयी दिल्ली, 21 फरवरी भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डी वाई चंद्रचूड़ ने कानूनविद् और वरिष्ठ अधिवक्ता फली एस नरीमन के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि वह ‘‘एक महान बुद्धिजीवी थे।’’
नरीमन का बुधवार को यहां निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे।
प्रधान न्यायाधीश चंद्रचूड़ ने अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी के उच्चतम न्यायालय में आज की कार्यवाही शुरू करने पर उनसे कहा, ‘‘श्रीमान अटॉर्नी जनरल, हम फली नरीमन के निधन पर शोक जताते हैं। वह एक महान बुद्धिजीवी थे।’’
नरीमन हृदय संबंधी रोग सहित कई बीमारियों से जूझ रहे थे।
नरीमन का जन्म 10 जनवरी 1929 को हुआ और उन्हें नवंबर 1950 को बंबई उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत किया गया था और 1961 में वरिष्ठ अधिवक्ता बनाया गया।
उन्होंने 70 साल से अधिक वक्त तक वकालत की, जिसमें से शुरुआत में बंबई उच्च न्यायालय और 1972 के बाद से उच्चतम न्यायालय में वकालत की।
नरीमन को मई 1972 में भारत का अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया। उन्होंने 26 जून 1975 को आपातकाल लागू होने के एक दिन बाद पद से इस्तीफा दे दिया था।
अपने लंबे और शानदार कानूनी करियर में नरीमन ने भोपाल गैस त्रासदी मामला, टीएमए पाई मामला, जयललिता के आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति का मामला और राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्त आयोग के चर्चित मामले समेत कई अहम मुकदमों की पैरवी की। (भाषा)
नयी दिल्ली, 21 फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जैन संत आचार्य श्री 108 विद्यासागर को बुधवार को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनका संपूर्ण जीवन आध्यात्मिक प्रेरणा से भरा रहा तथा उसका हर अध्याय अद्भुत ज्ञान, असीम करुणा और मानवता के उत्थान के लिए अटूट प्रतिबद्धता से सुशोभित रहा।
जैन संत को श्रद्धांजलि के रूप में लिखे गए एक लेख में, मोदी ने कहा कि संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज का जाना उस अद्भुत मार्गदर्शक को खोने के समान है, जिन्होंने उनका और अनगिनत लोगों का मार्ग निरंतर प्रशस्त किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें कई अवसरों पर संत का आशीर्वाद हासिल करने का सम्मान प्राप्त हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आचार्य का गहरा विश्वास था कि एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण उसके नागरिकों के कर्तव्य भाव के साथ ही अपने परिवार, अपने समाज और देश के प्रति गहरी प्रतिबद्धता की नींव पर होता है।
मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने लोगों को सदैव ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और आत्मनिर्भरता जैसे गुणों को विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। ये गुण एक न्यायपूर्ण, करुणामयी और समृद्ध समाज के लिए आवश्यक हैं। आज जब हम विकसित भारत के निर्माण की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं तो कर्तव्यों की भावना और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जीवन में हम बहुत कम ऐसे लोगों से मिलते हैं, जिनके निकट जाते ही मन-मस्तिष्क एक सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। ऐसे व्यक्तियों का स्नेह, उनका आशीर्वाद, हमारी बहुत बड़ी पूंजी होता है। संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज मेरे लिए ऐसे ही थे।’’
मोदी ने कहा कि आचार्य विद्यासागर जैसे संतों को देखकर ये अनुभव होता था कैसे भारत में आध्यात्म किसी अमर और अजस्र जलधारा के समान अविरल प्रवाहित होकर समाज का मंगल करता रहता है।
उन्होंने पिछले साल नवंबर में छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरी जैन मंदिर में उनसे हुई मुलाकात को याद करते हुए कहा कि तब उन्हें जरा भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने पितातुल्य भाव से मेरा ख्याल रखा और देश सेवा में किए जा रहे प्रयासों के लिए मुझे आशीर्वाद भी दिया। देश के विकास और विश्व मंच पर भारत को मिल रहे सम्मान पर उन्होंने प्रसन्नता भी व्यक्त की थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनका जाना उस अद्भुत मार्गदर्शक को खोने के समान है, जिन्होंने मेरा और अनगिनत लोगों का मार्ग निरंतर प्रशस्त किया है।’’
उन्होंने कहा कि भारत की पावन धरती ने निरंतर ऐसी महान विभूतियों को जन्म दिया है, जिन्होंने लोगों को दिशा दिखाने के साथ-साथ समाज को भी बेहतर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है और इसी महान परंपरा में संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज का प्रमुख स्थान है।
मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने वर्तमान के साथ ही भविष्य के लिए भी एक नई राह दिखाई है। उनका संपूर्ण जीवन आध्यात्मिक प्रेरणा से भरा रहा। उनके जीवन का हर अध्याय, अद्भुत ज्ञान, असीम करुणा और मानवता के उत्थान के लिए अटूट प्रतिबद्धता से सुशोभित है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि आचार्य विद्यासागर का दृढ़ विश्वास था कि शिक्षा ही एक न्यायपूर्ण और प्रबुद्ध समाज का आधार है और उन्होंने लोगों को सशक्त बनाने और जीवन के लक्ष्यों को पाने के लिए ज्ञान को सर्वोपरि बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘आचार्य विद्यासागर महाराज की इच्छा थी कि हमारे युवाओं को ऐसी शिक्षा मिले, जो हमारे सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित हो। वह अक्सर कहा करते थे कि चूंकि हम अपने अतीत के ज्ञान से दूर हो गए हैं, इसलिए वर्तमान में हम अनेक बड़ी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। अतीत के ज्ञान में वो आज की अनेक चुनौतियों का समाधान देखते थे।’’
स्वास्थ्य के क्षेत्र में आचार्य विद्यासागर के योगदान का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य को आध्यात्मिक चेतना के साथ जोड़ने पर बल दिया ताकि लोग शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।
उन्होंने युवा पीढ़ी से आचार्य विद्यासागर की प्रतिबद्धता के बारे में व्यापक अध्ययन करने का आग्रह करते हुए कहा कि वे मतदान के प्रबल समर्थकों में से एक थे और मानते थे कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी की सबसे सशक्त अभिव्यक्ति है।
मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने हमेशा स्वस्थ और स्वच्छ राजनीति की पैरवी की। उनका कहना था- ‘लोकनीति लोभसंग्रह नहीं, बल्कि लोकसंग्रह है’। इसलिए नीतियों का निर्माण निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि लोगों के कल्याण के लिए होना चाहिए।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे कालखंड में जब दुनियाभर में पर्यावरण पर कई तरह के संकट मंडरा रहे हैं, तब आचार्य विद्यासागर ने एक ऐसी जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया जो प्रकृति को होने वाले नुकसान को कम करने में सहायक हो।
मोदी ने कहा कि इसी तरह उन्होंने अर्थव्यवस्था में कृषि को सर्वोच्च महत्त्व दिया और इसमें आधुनिक प्रौद्योगिकी अपनाने पर भी बल दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि वह नमो ड्रोन दीदी अभियान की सफलता से बहुत खुश होते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आचार्य विद्यासागर देशवासियों के हृदय और मन-मस्तिष्क में सदैव जीवंत रहेंगे। उनके संदेश उन्हें सदैव प्रेरित और आलोकित करते रहेंगे। उनकी अविस्मरणीय स्मृति का सम्मान करते हुए हम उनके मूल्यों को मूर्त रूप देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह ना सिर्फ उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि होगी, बल्कि उनके बताए रास्ते पर चलकर राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र कल्याण का मार्ग भी प्रशस्त होगा।’’ (भाषा)
नयी दिल्ली, 21 फरवरी भारत और चीन ने इस सप्ताह की शुरुआत में नये दौर की उच्च स्तरीय सैन्य वार्ता में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘‘शांति और सद्भाव’’ को बनाए रखने पर सहमति जताई।
इस मामले के जानकारों का कहना है कि संघर्ष वाले क्षेत्रों में समाधान के लिए साढ़े तीन साल से चल रही कवायद पर सोमवार को हुई वार्ता में कोई स्पष्ट प्रगति नहीं देखी गई।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और चीन के बीच कोर कमांडर स्तर की 21वें दौर की बैठक 19 फरवरी को चुशुल-मोल्डो सीमा पर स्थित एक स्थल पर हुई।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘ वर्ता के दौरान पूर्वी लद्दाख में एलएसी के पास के बाकी क्षेत्रों से सैनिकों की पूर्ण वापसी को सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सद्भाव की बहाली के लिए जरूरी बताया गया।’’
विदेश मंत्रालय ने कहा कि मैत्रीपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई बातचीत में दोनों पक्षों ने इस मामले पर अपने दृष्टिकोण साझा किए।
बयान में कहा गया, ‘‘ दोनों पक्ष प्रासंगिक सैन्य और राजनयिक तंत्र के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए संवाद बनाए रखने पर सहमत हुए हैं।’’ (भाषा)
कानपुर/उन्नाव (उप्र), 21 फरवरी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ‘राम राज्य’ की परिकल्पना को साकार करने का दावा करने वाली केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि यह कैसा राम राज्य है जहां कुल आबादी में लगभग 90 फीसद हिस्सेदारी रखने वाले पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों को रोजगार नहीं मिल सकता।
अपनी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के तहत कानपुर पहुंचे राहुल ने शहर स्थित घंटाघर चौराहे पर एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए मोदी सरकार पर देश की आबादी में करीब 90 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखने वाले पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के साथ नाइंसाफी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, 'देश में 50 प्रतिशत आबादी पिछड़े वर्गों की है, दलित 15 प्रतिशत, आठ प्रतिशत आदिवासी और अल्पसंख्यक 15 प्रतिशत हैं। आप जितना चिल्लाना चाहते हैं चिल्लाएं लेकिन इस देश में आपको रोजगार नहीं मिल सकता। आप पिछड़े, दलित, आदिवासी या गरीब सामान्य वर्ग के हैं तो आपको रोजगार नहीं मिल सकता। (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी जी नहीं चाहते कि आप लोगों को रोजगार मिले।'
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'यह कैसा राम राज्य है जिसमें 90 प्रतिशत लोगों को रोजगार नहीं मिल सकता। लोग भूखे मर रहे हैं। मीडिया में बड़े-बड़े उद्योगों में आपका कोई नहीं है। किसी संस्था में आपका कोई नहीं। नौकरशाही में आपका कोई नहीं।'
राहुल ने गत 22 जनवरी को अयोध्या में हुए राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्गों की उपेक्षा का आरोप लगाया और कहा, 'आपने प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम देखा। उसमें कितने लोग पिछड़े वर्ग के थे, दलित और आदिवासी कितने थे। आदिवासी राष्ट्रपति (द्रौपदी मुर्मु) को भी नहीं बुलाया गया। '
राहुल ने जातिवार गणना पर जोर देते हुए कहा, 'हमने कहा है कि हिंदुस्तान की प्रगति के लिए सबसे बड़ा क्रांतिकारी कदम जातिवार जनगणना है। इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। जातिवार जनगणना के बाद आर्थिक सर्वे और वित्तीय सर्वे करके हम पता लगाएंगे कि दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के हाथ में कितना पैसा है।'
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, 'देश का पूरा का पूरा धन दो तीन प्रतिशत लोगों के हाथ में है। अडाणी, अंबानी, टाटा, बिड़ला.... यह दो-तीन प्रतिशत लोग आप पर राज कर रहे हैं। नए हिंदुस्तान के महाराजा हैं यह लोग.... और जो प्रजा है वह भटकती है! कभी आप लोगों के पेपर लीक हो जाते हैं, कभी आपको नौकरी से निकाला जाता है, आप पर जीएसटी लागू होती है, नोटबंदी लागू होती है, आपकी सरकारी भर्तियां नहीं होती। आपका जो सेना में जाने का रास्ता था वह भी इन्होंने (मोदी सरकार) अग्निवीर योजना से बंद कर दिया है।'
राहुल ने कहा, 'हम सब जानते हैं कि यह देश नफरत का नहीं है। इसका इतिहास नफरत का नहीं है, इसके धर्म नफरत के नहीं हैं, इसकी भाषा नफरत की नहीं है, यह देश भाईचारे का है, मोहब्बत का है, एक दूसरे की इज्जत करने का है।'
इससे पहले, राहुल की यात्रा उन्नाव पहुंची। इस दौरान सोहरामऊ से उन्नाव के बीच उन्होंने सड़क पर खडे़ लोगों का बस से ही हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उन्नाव शहर से निकलने के बाद और शुक्लागंज पहुंचने से पहले राहुल का काफिला अकरमपुर के पास कुछ देर के लिए रुका जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से भेंट की। (भाषा)
नयी दिल्ली, 21 फरवरी कार्यबल में युवतियों की भागीदारी को लेकर हाल ही में किये गये एक सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है कि युवाओं का मानना है कि पढ़ाई के बाद नौकरी महत्वपूर्ण है, शादी नहीं।
संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के युवा मंच ‘युवाह’ और ‘यू-रिपोर्ट’ ने यह सर्वेक्षण किया,जिसमें देशभर से 18-29 आयु वर्ग के 24,000 से अधिक युवक और युवतियों ने अपनी राय रखी।
सर्वेक्षण के नतीजों के अनुसार लगभग 75 प्रतिशत युवतियां और युवक मानते हैं कि युवतियों के लिए पढ़ाई के बाद नौकरी पाना सबसे महत्वपूर्ण है।
इसके विपरीत एक चौथाई से अधिक प्रतिभागियों ने शिक्षा के बाद शादी की वकालत की।
इस सर्वेक्षण को लेकर श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की सचिव आरती आहूजा ने कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी का समर्थन करने के लिए सहयोगात्मक प्रयासों पर बल दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘ अब मेहनती, प्रतिभाशाली और ईमानदार महिला कार्यबल का समर्थन करने का समय आ गया है। महिलाएं हमारी आबादी का 50 प्रतिशत हिस्सा हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हम 2047 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहे हैं ऐसे में हमें सभी स्तरों पर महिला कार्यबल की भागीदारी बढ़ानी होगी।’’ (भाषा)
नयी दिल्ली, 21 फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को जाने माने रेडियो प्रस्तोता अमीन सयानी के निधन पर शोक जताया और कहा कि उनकी मखमली आवाज में ऐसा आकर्षण था जिसने उन्हें विभिन्न पीढ़ियों के बीच लोकप्रिय बना दिया।
सयानी का 91 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया। सयानी को मंगलवार रात दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में ही बुधवार को उनका निधन हो गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रेडियो पर अमीन सयानी की मखमली आवाज में एक आकर्षण और गर्मजोशी थी जिससे उन्होंने हर पीढ़ी के लोगों को अपना बना लिया। अपने काम के जरिए, उन्होंने भारतीय प्रसारण में क्रांति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने श्रोताओं के साथ बहुत ही मधुर संबंध स्थापित किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार, प्रशंसकों और सभी रेडियो प्रेमियों के प्रति संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’
रेडियो सुनने का शौक रखने वाले लोगों के कानों में आज भी सयानी की आवाज में 'नमस्कार भाइयो और बहनो, मैं आपका दोस्त अमीन सयानी बोल रहा हूं' गूंजता है। कार्यक्रम ‘बिनाका गीतमाला’ ने उन्हें काफी लोकप्रियता दिलाई। उनका जन्म 21 दिसंबर, 1932 को मुंबई में हुआ था। (भाषा)
पुणे, 21 फरवरी राज्यसभा सदस्य शरद पवार ने बुधवार को कहा कि कुछ राज्यों में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटकों दलों के बीच सीटों के बंटवारे सहित अन्य मुद्दों पर मतभेद हैं, जिन्हें अन्य राज्यों के वरिष्ठ नेता सुलझाने की कोशिश करेंगे।
कोल्हापुर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए वरिष्ठ नेता ने कहा कि हाल ही में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक नहीं बुलाई गई है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में यह निर्णय लिया गया था कि विपक्षी गुट की सभी पार्टियां मिलकर काम करेंगी।
पवार ने कहा कि विपक्षी गठबंधन में अधिकतर पार्टियां अपने राज्यों तक ही सीमित हैं, इसलिए यह निर्णय लिया गया कि ये सभी दल अपने-अपने राज्यों में अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर बैठक करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के कुछ दलों के बीच मतभेद है।
शरद पवार ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में पार्टियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर आम सहमति का अभाव है। वहीं, पश्चिम बंगाल में सीट बंटवारे के साथ-साथ कुछ और समस्याएं भी हैं, जिसका कारण यह है कि टीएमसी, माकपा और कांग्रेस जैसी कुछ पार्टियां एक-दूसरे की विरोधी हैं।’’
राकांपा-शरदचंद्र पवार पार्टी के प्रमुख ने कहा कि ऐसे कुछ मुद्दें हैं जो अभी तक नहीं सुलझाए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी यही रणनीति है कि जहां भी संभव है, हम वहां मुद्दों को सुलझा रहे हैं, जैसा कि मैंने कुछ राज्यों का उल्लेख किया है।’’ (भाषा)
लखनऊ, 21 फरवरी समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर सपा का कांग्रेस से कोई विवाद नहीं है और दोनों दलों के बीच गठबंधन होगा।
यादव ने मुरादाबाद में संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं होने के सवाल पर कहा, 'अंत भला तो सब भला। बाकी आप लोग समझदार हैं।' इस सवाल पर कि कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा या नहीं, अखिलेश ने कहा, 'होगा।' कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर विवाद होने के सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा, 'कोई विवाद नहीं है। आपके सामने सब चीजें साफ हो जाएंगी।' इस सवाल पर कि कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने बहुजन समाज पार्टी के लिये कांग्रेस के दरवाजे खुले होने की बात कही है, सपा अध्यक्ष ने कहा, 'अब यह सब बात पुरानी हो गयी है।' इस बीच, कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि दोनों पार्टियों के बीच कुछ सीट को लेकर अदला-बदली की बात हो रही है। सम्भावना है कि सीट बंटवारे को लेकर बात बन जाएगी।
गौरतलब है कि सपा ने इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन की अपनी सहयोगी कांग्रेस को उत्तर प्रदेश की 80 में से 17 लोकसभा सीट देने की पेशकश की थी।
सपा अध्यक्ष को रायबरेली में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होना था, लेकिन वह शामिल नहीं हुए थे।
सपा ने कहा कि अखिलेश यात्रा में तभी शामिल होंगे, जब कांग्रेस इस पेशकश को स्वीकार करेगी। इसके बाद ऐसा लग रहा था कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन नहीं हो सकेगा। (भाषा)
बेंगलुरु, 21 फरवरी । रामानगर जिले में तनावपूर्ण स्थिति के लिए आलोचना झेलने के बाद कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अधिवक्ताओं के आंदोलन और अन्य कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए पूर्व सीएम जिम्मेदार हैं।
शिवकुमार ने कनकपुरा शहर में आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वह और उनके भाई कांग्रेस सांसद डी.के. सुरेश क्षेत्र में अशांति फैला रहे हैं।
वाराणसी कोर्ट के जज के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट लिखे जाने के बाद रामनगर क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया था। स्थिति तब और बिगड़ गई जब एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर ने 40 वकीलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिन्होंने पोस्ट लिखने वाले के खिलाफ मामला दायर किया था।
पुलिस सब-इंस्पेक्टर तनवीर हुसैन के निलंबन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कुमारस्वामी ने कहा, “मैंने भी इस संबंध में कानून के अनुसार कार्रवाई शुरू करने को लेकर बयान दिया है। विधायकों ने भी यही राय दी है। हमने अधिकारियों से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था। मैंने निर्देश दिया था कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। भाजपा-जद(एस) नेता इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। उनके पास काम नहीं है और वे संकट की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।”
हुसैन ने कथित तौर पर एक एसडीपीआई कार्यकर्ता और एक वकील के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए 40 वकीलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिन्होंने वाराणसी के न्यायाधीश के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी। इस मामले पर भाजपा, जद(एस) और सत्तारूढ़ कांग्रेस टकराव की स्थिति में आ गये थे। अधिवक्ताओं ने एक सप्ताह तक आंदोलन किया था। दबाव में आकर आख़िरकार कांग्रेस सरकार ने उनके निलंबन की घोषणा कर दी।
शिवकुमार ने आगे कहा, ''भाजपा हमेशा अशांति पैदा करने में लगी रहती है। वे भावनात्मक और धार्मिक मामले उठाकर राजनीति करते हैं। भाजपा को अल्पसंख्यक पसंद नहीं हैं। भाजपा नेताओं ने सदन में दावा किया कि वे अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित अधिकारी नहीं चाहते।''
आगामी लोकसभा चुनाव पर उन्होंने कहा, ''हमने पिछले चुनाव के अगले दिन से ही अपना काम शुरू कर दिया था।''
(आईएएनएस)
पटना, 21 फरवरी । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को रिमोट के जरिए ग्रामीण कार्य विभाग की करीब 4,446 करोड़ रुपये की लागत से बने 3,590 पथों एवं 28 पुलों यानी कुल 3,618 योजनाओं का उद्घाटन किया। इस मौके पर दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे।
इस कार्यक्रम में उद्घाटन किए गए योजनाओं में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत 1,735.814 करोड़ रुपये लागत की 1,583 पथों एवं 11 पुलों, मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ परत नवीनीकरण कार्यक्रम अन्तर्गत 2,576 करोड़ रुपये की 1,977 पथों तथा राज्य योजना के तहत 134.304 करोड़ रुपये की 30 पथों एवं 17 पुल शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के किसी भी सुदूर क्षेत्र से राजधानी पटना पहुंचने के लिए 6 घंटे के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया गया है और अब 5 घंटे के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है। ग्रामीण कार्य विभाग के तहत कई ग्रामीण पथों एवं पुलों का निर्माण किया गया है। ग्रामीण कार्य विभाग का बजट जो वर्ष 2007-08 में लगभग 1,390 करोड़ रूपये था, वह वर्ष 2023-24 में बढ़कर 11,569 करोड़ रुपए हो गया।
-(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 21 फरवरी । पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) ने अनुपालन लागत कम करने और व्यापार करने की आसानी को बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली ट्रस्ट और पेंशन फंड के नियमों में संशोधन किया है।
बुधवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, नेशनल पेंशन सिस्टम ट्रस्ट (दूसरा संशोधन) विनियम 2023 और पेंशन फंड (संशोधन) विनियम 2023 क्रमशः 5 फरवरी और 9 फरवरी को अधिसूचित किये गये थे।
एनपीएस ट्रस्ट विनियमों में संशोधन ट्रस्टियों की नियुक्ति, उनके नियमों और शर्तों, ट्रस्टी बोर्ड की बैठकों के आयोजन और सीईओ - एनपीएस ट्रस्ट की नियुक्ति से संबंधित प्रावधानों को सरल बनाते हैं।
पेंशन फंड विनियमों में संशोधन कंपनी अधिनियम, 2013 के अनुरूप पेंशन फंड के प्रशासन से संबंधित प्रावधानों को सरल बनाता है।
अन्य संशोधनों में शामिल हैं:
*'फिट और उचित व्यक्ति' मानदंडों के अनुपालन के साथ-साथ पेंशन फंड और पेंशन फंड के प्रायोजक की भूमिकाओं की स्पष्टता।
*पेंशन फंड द्वारा ऑडिट समिति और नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति जैसी अतिरिक्त बोर्ड समितियों का गठन।
*नाम खंड में 'पेंशन फंड' नाम शामिल करना और 12 महीने की अवधि के भीतर इस प्रावधान का अनुपालन करने के लिए मौजूदा पेंशन फंड की आवश्यकता।
*पेंशन फंड द्वारा प्रबंधित योजनाओं की वार्षिक रिपोर्ट में निदेशकों का उत्तरदायित्व विवरण शामिल किया जाएगा।
संशोधित नियमों की विस्तृत जानकारी पीएफआरडीए वेबसाइट पर उपलब्ध है।
(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 21 फरवरी । आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर अखिलेश यादव का बयान सामने आया है। सपा प्रमुख ने कांग्रेस से गठबंधन की बात खुद कही है।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "अंत भला तो सब भला... गठबंधन होगा।" सीट शेयरिंग पर उन्होंने कहा, "कोई विवाद नहीं है, जल्दी ही इसका ऐलान होगा।"
वहीं, समाजवादी पार्टी का साथ छोड़कर भाजपा में जाने वाले नेताओं पर उन्होंने कहा कि वह सभी पार्टी में वापस आएंगे। अगर नहीं आए तो उनके खिलाफ वाले सपा में आएंगे।
माना जा रहा है कि सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बात बन गई है। बुधवार शाम को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की जा सकती है। अखिलेश यादव यूपी में कांग्रेस को 17 से 19 सीटें दे सकते हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटें हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच तीन सीटों को लेकर विवाद चल रहा है। सपा मुरादाबाद, बिजनौर और बलिया सीटें कांग्रेस को देने के लिए राजी नहीं है। जिसको लेकर दोनों दलों के बीच गठबंधन पर सहमति नहीं हो पा रही है। इसके पहले समाजवादी पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए अपने 32 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
(आईएएनएस)
हैदराबाद, 21 फरवरी । हत्या के मामले में दुबई में 18 साल जेल में रहने के बाद तेलंगाना के पांच में से चार कामगार अपने घर लौट आए हैं।
राजन्ना सिरसिला जिला के रहने वाले वर्कर जैसे ही राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे, तो उनके परिवार के लोगों ने उनकी जमकर खातिरदारी की।
शिवरात्रि मल्लेश और उनके भाई शिवरात्रि रवि अपने प्रियजनों को देखकर भावुक हो गए और उन्हें गले लगा लिया।
डुंडुगुला लक्ष्मण दो महीने पहले लौटे थे जबकि शिवरात्रि हनमंथु दो दिन पहले वापस आए थे।
पांचवें व्यक्ति वेंकटेश के अगले महीने जेल से रिहा होने की संभावना है।
नेपाल के रहने वाले चौकीदार बहादुर सिंह को जान से मारने के आरोप में दुबई की एक अदालत ने पांचों कर्मचारियों को 25 साल की जेल की सजा सुनाई थी।
संयुक्त अरब अमीरात सरकार ने पिछले साल सितंबर में दुबई की यात्रा के दौरान तत्कालीन राज्य मंत्री के.टी. रामाराव (केटीआर) की अपील के बाद उनकी दया याचिका को मंजूरी दे दी थी।
बता दें कि केटीआर की ओर से सभी पांचों कर्मचारियों के टिकट का प्रबंध किया गया।
ये सभी दुबई की आवेर जेल में बंद थे। सिरसिला से विधायक केटीआर ने 2011 में व्यक्तिगत रूप से नेपाल जाकर मृतक के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की थी और शरिया कानून के अनुसार मुआवजे के रूप में 15 लाख रुपये या 'दीय्या' (रक्त धन) सौंपा था।
सितंबर 2023 में दुबई की अपनी पिछली यात्रा के दौरान उन्होंने यूएई सरकार से दया याचिका को मंजूरी देने का अनुरोध किया था। यह देखते हुए कि पांच एनआरआई पहले ही जेल में लंबा समय बिता चुके हैं और उनके पास जेल अधिकारियों से अच्छा आचरण प्रमाण पत्र भी है।
(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 21 फरवरी । भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा है कि वह अपनी यात्रा के दौरान लगातार देश का अपमान कर रहे हैं। यूपी के युवाओं के नशे में होने की बात कर रहे हैं। राम मंदिर के मुद्दे पर भी उन्होंने गलत टिप्पणी की है, जिसका भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पुरजोर रूप से विरोध करती है और इसकी निंदा भी करती है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा की राहुल गांधी इस देश को क्या समझते हैं, अपने अहंकार के सामने देश के लोगों को कुछ नहीं समझते हैं। क्या राहुल को एक फ्री पास मिला हुआ है, देश को शर्मसार करने का। राहुल गांधी ने टिप्पणी की है कि राम मंदिर का निर्माण हुआ तो क्या हुआ है। वहां कोई गरीब था क्या, सब बड़े और पूंजीपति बैठे थे।
रविशंकर प्रसाद ने बोला कि प्रधानमंत्री ने उन सभी मजदूरों का सम्मान किया, जिन्होंने मंदिर बनाया। उन्होंने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि कृपा करके प्रभु राम पर आप इस तरीके से टिप्पणी करना बंद करें।
भाजपा नेता ने कहा कि जहां पर हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है, हजारों करोड़ों का निवेश हो रहा है, वहां यह कह रहे हैं कि पूरा यूपी का युवा नशे में डूबा हुआ है।
(आईएएनएस)
चंडीगढ़, 21 फरवरी । हरियाणा पुलिस ने बुधवार को हरियाणा की सीमा से लगती शंभू सीमा पर प्रदर्शनकारी किसानों द्वारा सीमा तोड़ने की कोशिश पर आंसू गैस के गोले दागे। हालांकि, किसान नेता प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील करते रहे।
फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी तथा अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीय राजधानी की ओर निकले किसान पंजाब से हरियाणा में प्रवेश करने की फिराक में हैं। वे अपने साथ गैस मास्क, बुलडोजर और भारी मशीनें लेकर आये हैं।
हरियाणा पुलिस ने अर्थमूवर मशीनों और बुलडोजरों के मालिकों को चेतावनी देते हुए कहा है, "आपको आपराधिक रूप से उत्तरदायी ठहराया जा सकता है"।
एक्स पर एक पोस्ट में पुलिस ने कहा कि इन मशीनों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता है, जो एक गैर-जमानती अपराध है।
पुलिस ने चेतावनी दी, "पोकलेन और जेसीबी के मालिक तथा संचालक, कृपया प्रदर्शनकारियों को अपने उपकरणों की सेवाएं प्रदान न करें। कृपया इन मशीनों को विरोध स्थल से हटा लें। इन मशीनों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता है। यह एक गैर-जमानती अपराध है और आपको आपराधिक रूप से उत्तरदायी ठहराया जा सकता है।''
पंजाब और हरियाणा के किसानों का एक बड़ा जमावड़ा हरियाणा की सीमाओं पर जारी है। वे केंद्र सरकार के प्रस्ताव को खारिज करने के बाद अपनी मांगों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय राजधानी की ओर जाने के लिए तैयार हैं।
(आईएएनएस)
चंडीगढ़, 21 फरवरी । हरियाणा की सीमाओं पर राष्ट्रीय राजधानी की ओर मार्च करने के लिए तैयार किसानों की भारी भीड़ के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने बुधवार को कहा कि केंद्र सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है।
कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने एक्स पर लिखा, "चौथे दौर के बाद सरकार पांचवें दौर में एमएसपी की गारंटी की मांग, फसल विविधीकरण, पराली मुद्दा, एफआईआर जैसे सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है।"
“मैं किसान नेताओं को फिर से चर्चा के लिए आमंत्रित करता हूं। हमारे लिए शांति बनाए रखना महत्वपूर्ण है।”
किसान संघ के नेताओं ने सोमवार को सरकारी एजेंसियों द्वारा पांच साल के लिए एमएसपी पर दालें, मक्का और कपास खरीदने के केंद्र के प्रस्ताव को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह किसानों के हित में नहीं है।
यह घोषणा किसान नेता सरवन सिंह पंढेर और जगजीत सिंह दल्लेवाल ने बैठक कर की।
तीन केंद्रीय मंत्रियों - पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद राय - के एक पैनल ने रविवार को चंडीगढ़ में चौथे दौर की वार्ता के दौरान किसानों को यह प्रस्ताव दिया।
इस मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने के लिए और अधिक बातचीत करने की अपील करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने मीडिया से कहा, "हम अच्छा करना चाहते हैं, और ऐसा करने के लिए कई राय दी जा सकती हैं। हम हमेशा अच्छी राय का स्वागत करते हैं... इसका एकमात्र रास्ता बातचीत ही है। बातचीत से समाधान जरूर निकलेगा।''
(आईएएनएस)
नर्मदापुरम्, 21 फरवरी । मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम् जिले में एक स्कूल संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बनखेड़ी थाना क्षेत्र के चांदौन गांव में चंदन पटवा एक निजी स्कूल का संचालन करते थे। साथ ही वह पेट्रोल पंप का भी निर्माण करा रहे थे। पटवा मंगलवार को पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य करने के बाद शाम को घर लौटे तभी तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दी जो उनके पेट में लगी। गंभीर हालत में पटवा को नर्मदापुरम् के अस्पताल लाया गया जहां देर रात को उनकी मौत हो गई।
बदमाशों के गोली चलाने पर पटवा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे कार में सवार होकर भाग गए।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ गुरु करण सिंह और थाना प्रभारी ने मौके का मुआयना किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
-- (आईएएनएस)
नई दिल्ली, 21 फरवरी । दिल्ली पुलिस ने हौज खास इलाके में दो अस्थायी गोदामों से 400 किलोग्राम सिंथेटिक ड्रग्स जब्त किया जिसे 'म्याऊं म्याऊं' के नाम से जाना जाता है।
पुणे पुलिस के विशेष इनपुट के बाद मंगलवार को नशीली दवाओं के बड़े गोदाम का भंडाफोड़ हुआ।
म्याऊ म्याऊ, जिसका वैज्ञानिक नाम मेफेड्रोन है, एक शक्तिशाली सिंथेटिक ड्रग्स है जो अक्सर अपने उत्तेजक प्रभावों के कारण रेव पार्टियों में इस्तेमाल होता है। इसके सेवन से महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जोखिम पैदा होते हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ''ये छापेमारी नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को बाधित करने और उनकी तस्करी में शामिल लोगों को पकड़ने के ठोस प्रयास का हिस्सा हैं।''
दो दिन के व्यापक अभियान में पुलिस ने 1,100 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ मेफेड्रोन (एमडी) का खुलासा किया है। पुणे और नई दिल्ली में की गई छापेमारी के बाद जब्त ड्रग्स की कुल कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है।
पुणे पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन सोमवार को पुणे में तीन ड्रग तस्करों की धरपकड़ के साथ शुरू हुआ। साथ ही 700 किलोग्राम मेफेड्रोन को जब्त किया गया।
इन आरोपियों से पूछताछ के बाद दिल्ली के हौज खास इलाके में स्थित गोदाम जैसी संरचनाओं में संग्रहीत अतिरिक्त 400 किलोग्राम सिंथेटिक उत्तेजक पदार्थ की खोज हुई।
मेफेड्रोन की एक और बड़ी खेप पुणे में, विशेष रूप से कुरकुंभ एमआईडीसी क्षेत्र में भंडारित पाई गई थी।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हमें पुणे पुलिस ने मंगलवार को सूचित किया और हमने छापेमारी में उनकी सहायता की।”
(आईएएनएस)
श्रीनगर, 21 फरवरी । जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में बुधवार को एक धार्मिक शैक्षणिक संस्थान के दो छात्रों की दम घुटने से मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि दोनों जिले के अष्टांगू गांव में दारुल-उलूम फैज-उल-उलूम के छात्र थे।
यह घटना बुधवार सुबह हुई जब दरगाह के पदाधिकारियों ने बच्चों और उनके पिता को बेहोश पाया।
पुलिस ने कहा, "उन तीनों को अस्पताल ले जाया गया जहां दो लड़कों की मौत हो गई जबकि पिता का इलाज चल रहा है।"
मृत बच्चों की पहचान जिले के मलंगम गांव के कासिम अहमद चेची के बेटे मुनीर अहमद (10) और तनवीर अहमद (9) के रूप में की गई है।
पुलिस ने कहा, "इस घटना में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।"
पुलिस ने कहा कि जाहिर तौर पर कमरे में गैस पर चलने वाली किसी हीटिंग उपकरण के इस्तेमाल के कारण दम घुटने से दोनों की मौत हो गई।
(आईएएनएस)
इंफाल, 21 फरवरी । कुछ महिला संगठनों ने "पुलिस की मनमानी" के विरोध में और 13 फरवरी को इंफाल पूर्वी जिले में मणिपुर राइफल्स के शिविरों से हथियार लूटने के मामले में गिरफ्तार किए गए छह लोगों की रिहाई की मांग को लेकर बुधवार को मणिपुर के पांच घाटी जिलों में बंद का आह्वान किया है।
मंगलवार को इंफाल में सुरक्षा बलों और महिला प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ, जिसके बाद पुलिस को विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए आंसूगैस के गोले दागने पड़े।
मारपीट में दो महिलाएं घायल हो गईं।
महिला प्रदर्शनकारी उन छह लोगों की रिहाई की मांग कर रही थीं, जिन्हें मणिपुर राइफल्स के शिविरों पर भीड़ के हमले और हथियार लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
घाटी के पांच जिलों - बिष्णुपुर, काकचिंग, थौबल, इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व में बुधवार को 24 घंटे का बंद बुलाया गया है।
13 फरवरी को भीड़ ने मणिपुर राइफल्स के दो शिविरों पर हमला किया और पुलिस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। जिस व्यक्ति की मौत हुई, उसने कथित तौर पर मणिपुर राइफल्स के एक कैंप में जबरदस्ती घुसने की कोशिश की थी।
मणिपुर पुलिस ने 14 फरवरी को छह लोगों को गिरफ्तार किया था। उसी दिन कर्तव्यों में लापरवाही के कारण सात पुलिसकर्मियों को भी निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा, चार इंसास राइफलें, एक एके घटक, एसएलआर की दो मैगजीन और 9 मिमी गोला-बारूद के 16 छोटे बक्से सुरक्षा बलों से लूटे गए थे।
मणिपुर सरकार ने सुरक्षा बलों के शिविर से हथियारों की लूट की मजिस्ट्रेट जांच के भी आदेश दिए हैं।
(आईएएनएस)